पत्नी सुबह दूध लेने गई, लौटने पर लटका मिला

आगरा। थाना न्यू आगरा के बल्केश्वर में एक कोरियर कारोबारी ने फंदे से लटक कर जान दे दी। भाई की एमजी रोड पर ज्वैलर्स की दुकान है। परिजनों ने उसकी मौत पर चुप्पी साध रखी है। वह अपने परिवार के साथ फ्लैट में रह रहा था। पिता की मोतीगंज में बड़ी किराने की दुकान है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

पत्नी से होता था विवाद

किशन नगर बल्केश्वर निवासी 28 वर्षीय सौरभ अग्रवाल पुत्र संतोष अग्रवाल वर्तमान में पत्नी शिप्रा व दो बेटों के साथ बल्केश्वर स्थित सीताराम कॉलोनी फ्लैट में रह रहा था। पहले वह माता-पिता के साथ रहता था। लेकिन पत्नी के विवाद होने के चलते परिजनों ने उसे फ्लैट दिला दिया था। यहां पर भी विवाद ने थमने का नाम नही लिया। लोगों ने बताया कि दोनों के बीच बहुत विवाद होता था।

संजय प्लेस में है कोरियर

सौरभ की संजय प्लेस में कोरियर शॉप है। पिता संतोष कुमार मूल रूप से पत्तल वाली गली कचहरी घाट के रहने वाले हैं। उनका मोतीगंज बेलनगंज में संतोष कुमार एण्ड कम्पनी के नाम से किराने का काम है। भाई केशव की छवि ज्वैलर्स के नाम से शोरूम है। बताया गया है कि 2011 में उसकी शादी हुई थी। शादी के बाद से घर में कलह होने लगी थी।

फंदे पर लटक गया

बताया गया है कि मंगलवार की रात भी पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। सुबह 6 बजे पत्नी दूध लेने गई थी। उसी दौरान सौरभ ने पंखे से फांसी का फंदा बनाकर जान दे दी। साढ़े छह बजे पत्नी जब लौटी तो पति को फंदे से लटका पाया। पति की लाश लटकती देख उसकी चीख निकल गई। इसी के बाद आसपास के लोग पहुंच गए।

हॉस्पीटल में किया मृत घोषित

पड़ोसियों ने फंदे को चाकू से काट दिया। लोग शव को लेकर हॉस्पीटल दौड़ गए। उन्हें लगा शायद कुछ जान हो तो वह बच सके लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके पर अन्य परिजन भी पहुंच गए। कारोबारी की मौत पर परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस के मुताबिक परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। लेकिन पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।

Posted By: Inextlive