- प्रदेश के बजट में शहर भी शामिल

- इसी साल फतेहाबाद रोड होगा स्मार्ट

आगरा। उत्तर प्रदेश के बजट 2018- 19 में ताजनगरी को तरजीह दी गई है। खास तौर पर स्मार्ट सिटी के लिहाज से। सीएम योगी ने अपने बजट भाषण में 10 स्मार्ट सिटी के लिए बजट में 1650 करोड़ रुपये का प्रावधान किया। इसमें आगरा भी शामिल है। हालांकि स्मार्ट सिटी के लिए चयनित हर शहर को 100-100 करोड़ रुपए ही मिलने हैं। इस राशि के मिलने से प्रोजेक्ट में गति आने की उम्मीद है।

रफ्तार में आएगी तेजी

शहर को स्मार्ट बनाने के लिए कवायद तेज चल रही है। कई प्रोजेक्ट पर काम चल रहे हैं और उस पर 207 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। फतेहाबाद रोड के कई प्रोजेक्ट के डीपीआर तैयार हैं। लेकिन फंड की उपलब्धता नहीं होने के कारण काम की गति धीमी पड़ गई थी। इसे प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने गति दे दी है।

अप्रैल में दिखने लगेंगे काम

स्मार्ट सिटी से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि बजट मिलने के बाद कामों में गति आएगी। फतेहाबाद रोड को स्मार्ट बनाने पर कागजी काम पूरे किए जा चुके हैं। फंड मिलते ही टेंडर जारी हो जाएंगे। ये काम अप्रैल 2018 से जमीन पर उतरेंगे और इसी सत्र में पूरे होंगे। हालांकि पिछले सत्र के कामों को पूरा करना भी चुनौती बनी हुई है।

पहले ही मुख्य सचिव दे चुके हैं डेडलाइन

मुख्य सचिव राजीव कुमार ने नवंबर 2017 में स्मार्ट सिटी को लेकर मंडल आयुक्त के साथ बैठक की थी। इसमें स्मार्ट सिटी की गति पर चिंता जाहिर की थी। उन्होंने कनेक्टविटी को बढ़ाते हुए कामों की समय-सीमा तय की थी। इससे कंपनी के कर्मियों के कार्यो का मूल्यांकन भी हो सकेगा। उन्होंने आगरा समेत अन्य स्मार्ट सिटी के शहरों के मंडलायुक्तों को 31 मई 2018 की डेडलाइन दी हुई है।

110 काम होने हैं पूरे

पिछले सत्र में स्मार्ट सिटी के तहत आगरा को 207 करोड़ रुपये मिल चुके हैं। इसमें 3 काम पूरे हो चुके हैं। प्रोजेक्ट के तहत कुल 110 काम होने हैं।

सभी के तैयार डीपीआर

आगरा स्मार्ट सिटी को वर्ष 2018-19 में 200 करोड़ रुपए मिलने हैं। इसमें 100-100 करोड़ रुपये केंद्र और राज्य सरकार की ओर से प्रावधान है। इस लागत के अनुसार साल के प्रोजेक्ट तैयार किए गए हैं। 200 करोड़ रुपये से फतेहाबाद रोड के प्रोजेक्ट शुरू हो जाएंगे। सभी के डीपीआर तैयार हैं। अगले महीने से टेंडर प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। साल के भीतर काम कंप्लीट कर लिए जाएंगे।

Posted By: Inextlive