JAMSHEDPUR: बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवात बुलबुल का असर शहर में दिखा। शनिवार को बुलबुल चक्रवात के कारण दिनभर बादल छाए रहे। तेज हवा चलने के साथ आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश भी हुई। सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ था। आसमान में बादल छाए रहने के साथ हवा की रफ्तार तेज थी। दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। दिन ढलने के साथ ही हवा की गति भी रफ्तार पकड़ने लगी। इस दौरान दोपहर बाद पारडीह और डिमना से सटे क्षेत्रों में हल्की बारिश भी हुई। मौसम बिगड़ने के कारण मुख्यमंत्री को भी रांची जाने में विलंब हुआ। खराब मौसम के कारण उन्हें एक घंटे तक सोनारी एयरपोर्ट पर बैठना पड़ा।

आज भी बदला रहेगा मौसम

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार रविवार को बुलबुल चक्रवात का असर शहर में रहेगा। इसके कारण आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम पूर्वानुमान में कहा गया कि सोमवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। इसके बाद आसमान साफ होगा। सुबह के वक्त वातावरण में कुहासा छाए रहने की संभावना है।

3.3 डिसे। घटा तापमान

मौसम का मिजाज बदलने के कारण पिछले 24 घंटे के दौरान शहर का अधिकतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस घटा है। वहीं न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस बढ़ा है। मौसम के उतर-चढ़ाव के बीच पिछले छह दिनों में अधिकतम तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस कम हुआ है। शनिवार को शहर का तापमान अधिकतम 25.0 और न्यूनतम 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं आ‌र्द्रता अधिकतम 86 और न्यूनतम 74 प्रतिशत रही। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से 4.0 डिग्री कम और न्यूनतम तापमान सामान्य से 6.0 डिग्री अधिक है। तापमान घटने से लोगों को ठंड का अहसास होने लगा है। शाम होते ही कई लोग स्वेटर और जैकेट पहने नजर आए।

Posted By: Inextlive