- एडीजी के सामने कारोबारी राजेश दीवान ने कहा कि सपा जिलाध्यक्ष की शह पर बद्दो मांग रहा रंगदारी

- पत्नी बच्चों के सामने मुंह में पिस्टल डाल मांगी दो करोड़ की रंगदारी

Meerut: दीवान रबर इंडस्ट्रीज के निदेशक तथा रबरमैन इंटरप्राइजेज के एमडी राजेश दीवान एडीजी के सामने रो पड़े। उन्होंने पुलिस लाइन सभागार में खुलेआम सपा जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह पर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बदन सिंह बद्दो उनकी शह पर ही दो करोड़ की रंगदारी मांग रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि बद्दो के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो शहर का कारोबार बेचकर दिल्ली में शिफ्ट हो जाएंगे।

विवाद बताकर मांग रहा रंगदारी

एडीजी मुकुल गोयल से कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक के बाद दीवान रबर इंडस्ट्रीज के निदेशक तथा रबरमैन इंटरप्राइजेज के एमडी राजेश दीवान करीब पंद्रह मिनट तक मिले। उन्होंने बताया कि कुख्यात बदन सिंह बद्दो हमारी जमीन का विवाद बताकर दो करोड़ की रंगदारी मांग रहा है। छह अप्रैल को बद्दो की गाड़ी ने घर से लेकर फैक्ट्री तक पीछा किया। नौ अप्रैल को घर से ही बदन सिंह की कार मेरे पीछे लग गई। दरअसल, वह डराना चाह रहे थे। दस अप्रैल को पत्‍‌नी और बच्चों के साथ जाते समय माल रोड पर बदन सिंह बद्दो और उसके गुर्गो ने कार को रोक लिया। नीचे उतारकर मुंह में पिस्टल डाल दी। दो करोड़ की रंगदारी मांगते हुए जमीन से हाथ खींचने की बात कही।

दिख रहा था बद्दो का खौफ

राजेश दीवान की आंखों में बदन सिंह का खौफ दिखाई दे रहा था। शिकायत करते करते इतने भावुक हो गए कि रोने लगे। उन्होंने कहा कि प्रकरण में सपा जिलाध्यक्ष जयवीर का हाथ बताया है। जयवीर की शह पर ही बदन सिंह बद्दो और उसके गुर्गे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने एडीजी को चेतावनी दी कि बदन सिंह के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वे अपना पूरा कारोबार बेचकर दिल्ली में शिफ्ट हो जाएंगे। एडीजी मुकुल गोयल ने उनको निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया है। हालांकि क्7 अप्रैल को इसका मुकदमा दर्ज हो गया है।

राजनीति से संन्यास ले लूंगा

पुलिस का कोई अफसर साबित कर दे कि बदन सिंह बद्दो की कोई सिफारिश मेरे द्वारा की गई तो राजनीति से सन्यास ले लूंगा। मैंने खुद डीआईजी और आईजी से निष्पक्ष कार्रवाई के लिए कहा है।

-जयवीर सिंह

सपा जिलाध्यक्ष

Posted By: Inextlive