By Elections देश में आज शनिवार को लोकसभा की 3 और विधानसभा की 29 सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। आइए जानें आज किन-किन जगहों पर हो रहा है उपचुनाव...

पटना (आईएएनएस/एएनआई)। By Polls देश में आज हिमाचल प्रदेश के मंडी, दादरा व नगर हवेली और मध्य प्रदेश के खंडवा में लोकसभा सीटों पर उपचुनाव हो रह है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल में चार, असम में पांच, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश तथा मेघालय में तीन-तीन, बिहार, राजस्थान और कर्नाटक में दो-दो जबकि आंध्र प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र, मिजोरम तथा तेलंगाना की एक-एक सीट पर मतदान हो रहा है। चुनाव अधिकारियों के अनुसार, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान कराए जा रहे हैं। दो नवंबर को चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।

असम की 5 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित असम की पांच विधानसभा सीटों पर कड़ी सुरक्षा और कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करते हुए मतदान शनिवार सुबह शुरू हो गया। अधिकारियों ने बताया कि करीब आठ लाख मतदाता हैं। चुनाव अधिकारियों ने कहा कि 3,93,078 महिलाएं मरियानी, थौरा, भबनीपुर, गोसाईगांव और तामूलपुर विधानसभा सीटों पर 31 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगी। भाजपा ने तीन सीटों पर टर्नकोट उम्मीदवार उतारे हैं।

पश्चिम बंगाल में इन चार सीटों पर हो रहा है मतदान
पश्चिम बंगाल में चार विधानसभा क्षेत्रों - दिनहाटा, शांतिपुर, खरदाहा और गोसाबा (एससी) में शनिवार को मतदान हो रहा है। अप्रैल-मई में हालिया राज्य विधानसभा चुनावों के बाद, छह महीने में दूसरी बार उपचुनाव का सामना करना पड़ रहा है।

बिहार की दो विधानसभा सीटों के लिए मतदान जारी
चुनाव अधिकारियों के अनुसार, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शनिवार को बिहार की दो विधानसभा सीटों के लिए मतदान जारी है। कुशेश्वर अस्थान (दरभंगा) और तारापुर (मुंगेर) की दो सीटों के लिए कुल 17 उम्मीदवार मैदान में हैं। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम चार बजे तक चलेगा। चुनाव आयोग के निर्देश पर कुशेश्वर अस्थान में जिला प्रशासन ने अर्धसैनिक बलों को तैनात किया है।

Posted By: Shweta Mishra