-संघ के चुनाव में प्रचार-दुष्प्रचार के हथकंडे अपना रहे प्रत्याशी

-संयुक्त व्यापार संघ चुनाव के लिए विजेंद्र और नवीन गुट में नूराकुश्ती

-नवीन की मुखालफत के होर्डिग के अटा पड़ा शहर

-भाजपा के महानगर अध्यक्ष पर लगाया पैसे लेकर प्रचार करने का आरोप

-जमकर हो रही दावतें, मतदाताओं को लुभाने का हो रहा प्रयास

-सोशल मीडिया पर भी चल रहा प्रचार-प्रसार

MEERUT। 'दलबदलू नवीन गुप्ता पर एक नजर'। दिल्ली रोड समेत शहर के विभिन्न प्रमुख रास्तों पर संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष पद के प्रत्याशी नवीन गुप्ता के कथित कारनामों और बयानों को उजागर करने का दावा करते हुए बड़े होर्डिग्स लगे हैं। प्रतिक्रिया तो होनी ही थी, नवीन गुप्ता ने प्रतिद्वंद्वी बिजेंद्र अग्रवाल पर ठीकरा फोड़ते हुए कहा कि 'वे ओछी राजनीति कर रहे हैं.' नवीन यहीं नहीं रुके उन्होंने भाजपा के महानगर अध्यक्ष करुणेश नंदन गर्ग पर 20 लाख रुपये लेकर भाजपा केा बिजेंद्र के पाले में गिरवी रखने का आरोप लगाया। कारोबारी हितों का दावा कर रहे संयुक्त व्यापार संघ के चुनाव की तारीख नजदीक आते-आते डर्टी पॉलिटिक्स शुरू हो गई है।

बदनामी पर उतारू

संयुक्त व्यापार संघ के मौजूदा अध्यक्ष नवीन गुप्ता इस बार के चुनाव में भी मैदान में हैं और प्रचार-प्रसार में जुटे हैं। इसी बीच गुरुवार रात्रि नया शिगूफा सामने आया। नवीन गुप्ता दल-बदलू करार देते हुए न्यूज पेपर्स की कटिंग के साथ बड़े-बड़े होर्डिग शहर में लग गए। आफत तो आनी थी, नवीन गुप्ता ने प्रतिद्वंद्वी बिजेंद्र अग्रवाल पर आरोप लगाते हुए भाजपा को घसीट लिया। नवीन ने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम के पीछे महानगर अध्यक्ष करुणेश नंदन गर्ग का दिमाग है। आरोप-प्रत्यारोप के दौर में कारोबारी हित ताक में रखे नजर आ रहे हैं तो वहीं आम कारोबारियों को हितों के संरक्षण के संघ के दावे पर आशंका है।

नेताओं के बीच वाक युद्ध

बिजेंद्र को हार नजर आ रही है, बौखलाहट में वे होर्डिग्स लगाकर मेरा दुष्प्रचार कर रहे हैं। 2000 में संयुक्त व्यापार संघ के पैरलर संस्था खड़ी करके वे पहले भी कारोबारियों का विश्वास खो चुके हैं। भाजपा महानगर अध्यक्ष ने 20 लाख रुपये लेकर भाजपा को गिरवी रख दिया है।

नवीन गुप्ता, प्रत्याशी, अध्यक्ष-संयुक्त व्यापार संघ

---

नवीन गुप्ता के आरोप बेबुनियाद हैं। भाजपा महानगर अध्यक्ष को मैं क्यों 20 लाख रुपये देने लगा। यदि वे आरोप की पुष्टि कर दें तो मैं उन्हें इनाम दूंगा। 3 साल के कार्यकाल में उन्होंने कभी अपना दफ्तर नहीं खोला, वे दफ्तर को अपने नाम करना चाहते थे। कारोबारियों के हितों के बजाय उन्होंने संघ के सम्मान के साथ खिलवाड़ किया और निजी हितों को साधा है।

बिजेंद्र अग्रवाल, प्रत्याशी, अध्यक्ष-संयुक्त व्यापार संघ

---

पार्टी गिरवी रखने और 20 लाख रुपये लेने का आरोप झूठा है। मेरा इस चुनाव से सीधा कोई लेना-देना नहीं है किंतु जिस भी चुनाव में पार्टी का विचारों का प्रसार हो उसमें भागेदारी की जिम्मेदारी बनती है। रिश्वतखोरी का आरोप लगाया है, नवीन गुप्ता के खिलाफ मानहानि का मुकदमा करूंगा। वे इस चुनाव को व्यक्तिवादी बनाना चाहते हैं।

करुणेश नंदन गर्ग, महानगर अध्यक्ष, भाजपा

धर्म की राजनीति भी

संयुक्त व्यापार संघ के चुनाव में अब धार्मिक राजनीति भी हो रही है। एक होटल में शुक्रवार शाम धर्म विशेष के व्यापारियों ने बैठक कर नवीन गुप्ता पैनल का समर्थन का दावा किया। सपा का एक पदाधिकारी भी इस बैठक में शामिल था। बिजेंद्र अग्रवाल गुट ने चुनाव के राजनीतिकरण और धार्मिक करण का विरोध किया है।

Posted By: Inextlive