दूसरे फेज के पहले प्रत्याशियों ने प्रस्तुत किया लेखा रजिस्टर

चुनावी मैदान में हैं 181 धुरंधर, शनिवार को जारी रहेगी प्रक्रिया

ALLAHABAD:

विधानसभा चुनाव में लाख सख्ती के बावजूद प्रत्याशी अपना चुनावी खर्च छिपाने से बाज नही आ रहे हैं। निर्वाचन आयोग के सामने उनका लुका छिपी का खेल जारी है। शुक्रवार को शुरू हुए दूसरे फेज की प्रक्रिया में छह विधानसभाओं के छह प्रत्याशियों ने अपना लेखा रजिस्टर पेश नही किया। शाम तक उनका इंतजार किया जाता रहा और अब उन्हें नोटिस थमाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। शनिवार को उनको नोटिस जारी कर दिए जाएंगे।

सबसे आगे रहा मेजा

दूसरे फेज में शुक्रवार और शनिवार को जिले की बारह विधानसभाओं के कुल 181 प्रत्याशियों को अपना चुनावी खर्च पेश करना है। शुक्रवार को फाफामऊ, सोरांव, फूलपुर, शहर उत्तरी, कोरांव और मेजा के प्रत्याशियों को बुलाया गया था। इनमें से मेजा के सभी प्रत्याशियों ने अपना लेखा रजिस्टर पेश कर दिया है। जबकि, बाकी पांच विधानसभाओं में कुछ प्रत्याशी या उनके प्रतिनिधि नही पहुंचे। वही शनिवार को शहर पश्चिमी, दक्षिणी, करछना, बारा, प्रतापपुर और हंडिया के प्रत्याशियों का लेखा व्यय रजिस्टर मंगाया गया है। बता दें कि विधानसभा चुनाव के दौरान प्रत्याशियों को तीन फेज में अपना खर्च प्रस्तुत करना है। पहले फेज में ही व्यय रजिस्टर नही दिखाने वाले 78 प्रत्याशियों को निर्वाचन व्यय अधिकारी ने नोटिस थमा दी है।

शहर उत्तरी में सर्वाधिक खिलाड़ी प्रत्याशी

14 और 15 फरवरी को छह-छह विधानसभाओं के प्रत्याशियों का चुनावी खर्च रजिस्टर सहायक व्यय प्रेक्षकों ने जांचा था। इस प्रक्रिया में जिले की बारह विधानसभाओं से कुल 78 प्रत्याशियों ने अपना खर्च रजिस्टर पेश नही किया। आयोग के निर्देश पर इनको गुरुवार को तत्काल नोटिस थमा दिया गया। यह भी दिलचस्प रहा कि 78 में से सर्वाधिक 13 प्रत्याशी शहर उत्तरी विधानसभा के थे। जो चुनाव लड़ रहे कुल प्रत्याशियों का पचास फीसदी रहे। दूसरे नंबर पर फूलपुर से चुनाव लड़ रहे 14 प्रत्याशियों में से दस ने अपना खर्च दिखाने में कंजूसी की। इनको भी नोटिस दे दिया गया। तीसरे नंबर पर सोरांव विधानसभा से नौ प्रत्याशी भी रजिस्टर लेकर नही पहुंचे।

दूसरे फेज के पहले दिन बीस प्रत्याशियों ने अपना लेखा व्यय पेश नही किया। इनको नोटिस जारी किया जा रहा है। शनिवार को बाकी छह विधानसभाओं को लेखा व्यय चेक किया जाना है।

अवनीश चंद्र द्विवेदी, मुख्य कोषाधिकारी व प्रभारी अधिकारी व्यय अनुवीक्षण

कहां कितने प्रत्याशी रहे नदारद

विधानसभा प्रत्याशी

फाफामऊ दो

सोरांव चार

फूलपुर आठ

उत्तरी तीन

कोरांव तीन

मेजा कोई नही

कुल- बीस

Posted By: Inextlive