- कैंट बोर्ड, सेना ने बंगलों में रहने वाले लोगों का किया सत्यापन

-छावनी क्षेत्र के सभी ओल्ड ग्रांट बंगलों का होगा सत्यापन

Meerut : छावनी क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए सोमवार से कैंट बोर्ड और सेना का संयुक्त सर्च अभियान शुरु किया गया। पहले दिन टीम ने पांच ओल्ड ग्रांट बंगलों का सत्यापन किया। इस दौरान पुलिस भी मौजूद रही।

बढ़ी चौकसी

छावनी क्षेत्र में कुछ दिन पहले पाकिस्तानी जासूस पकड़ा गया था, इसके बाद से सेना ने छावनी की सुरक्षा को और भी चौकस करना शुरु कर दिया है। इसे लेकर पूर्व में सब एरिया मुख्यालय पर बैठक भी हो चुकी है। छावनी क्षेत्र में करीब 300 ओल्ड ग्रांट बंगलों का सत्यापन किया जाना है। जिसमें बंगले में रहने वाले लोग को देखा जाएगा कि बंगले में रहने वाले लोग कौन हैं, जिसके नाम से बंगला एलाट है वहीं लोग रहते हैं या फिर कोई दूसरा रहता है।

शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन

सोमवार को सुबह से यह सर्च अभियान शुरु किया गया। जिसमें बंगला नंबर एक, चार, पांच, सात और आठ का सत्यापन किया गया। जिसमें बंगले में रहने वाले लोगों के वोटर कार्ड, आधारकार्ड आदि को देखा गया। सर्वेट क्वार्टर में रहने वाले लोगों का भी सत्यापन किया गया। सबसे पहले बंगला नंबर एक में रहने वाले एके मलिक के बंगले का सत्यापन किया गया।

मौके पर रहे सीईओ

इस दौरान छावनी परिषद के सीइओ राजीव श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पूरी जानकारी ली। अभी यह सर्च अभियान आगे भी चलेगा। सोमवार को इस अभियान के दौरान रक्षा संपदा विभाग से बालकृष्ण, कैंट बोर्ड से सीईई अनुज सिंह, कमल सिंह यादव के अलावा लालकुर्ती थाने की पुलिस भी मौजूद रही।

Posted By: Inextlive