RANCHI: अब सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे भी एक क्लिक में करियर काउंसेलिंग की जानकारी हासिल कर सकेंगे। राज्य सरकार ने सरकारी स्कूलों में पढ़नेवाले बच्चों को घर बैठे एक क्लिक में करियर संबंधित पूरी जानकारी देने की व्यवस्था की है। इसके लिए स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने यूनिसेफ और आई ड्रीम करियर के सहयोग से पोर्टल तैयार किया है। सरकार झारखंड करियर पोर्टल के नाम से वेबसाइट शुरू कर रही है।

9वीं से 12वीं के छात्रों को फायदा

पोर्टल शुरू होने के बाद स्टूडेंट्स को इसका लॉग-इन उपलब्ध कराया जाएगा। यह सुविधा केवल नौवीं से बारहवीं क्लास तक के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले स्टूडेंट्स को दी जायेगी। पोर्टल खोलने के लिए विद्यार्थी को अपने नाम और जन्मतिथि की जानकारी देनी होगी। इसके बाद उनसे उनकी च्वाइस, पढ़ाई और विषय से संबंधित जानकारी मांगी जायेगी। सारी जानकारी देने के बाद पोर्टल में उस क्षेत्र से जुड़े राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय संस्थान, उनमें नामांकन की प्रक्रिया, योग्यता और शुल्क को लेकर जानकारी मिल जायेगी। विद्यार्थियों को हर क्षेत्र में बेहतर करनेवाले लोगों के बारे में भी जानकारी दी जायेगी।

सभी स्कूल-कॉलेज की जानकारी

पोर्टल पर 17000 कॉलेज और वोकेशनल संस्थान के बारे में जानकारी मिलेगी। इसमें भारत के अलावा विश्व के 13 प्रमुख देशों के शिक्षण संस्थानों की भी जानकारी उपलब्ध होगी। पोर्टल पर 1049 प्रवेश परीक्षाओं से लेकर उनके आवेदन जमा करने, एक हजार छात्रवृत्ति परीक्षा व स्कूल स्तर की परीक्षा की जानकारी मिलेगी। इतना ही नहीं, करियर से जुड़े 460 क्षेत्रों के बारे में बताया जाएगा।

7.50 लाख छात्र हैं

राज्य के सरकारी हाई स्कूल और प्लस टू स्कूलों के विद्यार्थियों को पोर्टल की सुविधा दी जायेगी। राज्य के सरकारी हाई स्कूल व प्लस टू विद्यालयों में लगभग कक्षा नौ से 12वीं के 7.50 लाख विद्यार्थी को मिलेगा। पोर्टल पर विशेष बच्चों की जरूरत को लेकर भी जानकारी दी जाएगी। दिव्यांग विद्यार्थियों को भी रोजगार से संबंधित जानकारी दी जाएगी।

Posted By: Inextlive