- सीएए व एनआरसी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों व सोशल मीडिया टिप्पणी करने वालों पर केस दर्ज

LUCKNOW :

शायर मुनव्वर राना की दो बेटियों समेत डेढ़ सौ लोगों के खिलाफ ठाकुरगंज थाने में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। ठाकुरगंज थाने में तीन अलग-अलग एफआईआर की गई है। जिसमें रास्ता जाम कर प्रदर्शन करने के साथ-साथ सोशल मीडिया पर कई आपत्तिजनक पोस्ट वायरल करने का आरोप हैं।

तीन अलग-अलग एफआईआर

ठाकुरगंज थाने में सुमैया राना, फैजिया राना, रुखसाना, शफी फातिहा समेत दस अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। समुैया राना व फैजिया राना मशहूर शायर मुनव्वर राना की बेटियां है। ठाकुरगंज में तैनात महिला कांस्टेबल ज्योति कुमार की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। वहीं सब इंस्पेक्टर सेठ पास सिंह व सिपाही विक्रांत कुमार की तहरीर पर दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई है। जिसमें लईस अमहद, नसरीन जावेद, मोउद्दीन, रसूख अहमद, शवी फामिता, शाफिया हाफिजा, राफिया, नाजनीन, इरफाना, राजिया, रेहाना, नूर बानो, कैसर, फिरदौस, अफरोज, पूजा, फरीन बानो समेत करीब 125 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया हैं।

सोशल मीडिया पर बदनाम करने की साजिश

सीएए और एनआरसी के विरोध में राजधानी में भी लोगों ने प्रदर्शन शुरू किया। तीन दिन पहले ठाकुरगंज के घंटाघर के नीचे सैकड़ों लोग जुटे। इसमें महिला और बच्चे शामिल है। लोग सीएए और एनआरसी के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। इस दौरान प्रदर्शनकारियों की वीडियो व फोटो खींचकर कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर राजधानी पुलिस के खिलाफ अभियान चला दिया।

संडे को भी दर्ज हुआ था केस

प्रदर्शनकारियों के पक्ष में लगातार टिप्पणी करने वालों ने इसके बाद लगातार कई आपत्तिजनक और भड़काऊ टिप्पणी पोस्ट कर डाली। जिसे देखते हुए पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर रविवार को एडीसीपी पश्चिम विकास चंद्र त्रिपाठी ने ठाकुरगंज, चौक, वजीरगंज, बाजारखाला, हसनगंज, तालकटोरा थाने में 112 लोगों के खिलाफ सोशल मीडिया पर समाज में विभेद डालने वाले टिप्पणी पोस्ट करने का मुकदमा दर्ज कराया।

प्रदर्शन अवैध घोषित

एडीसीपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि शनिवार रात को डिफेंस एक्सपो, गणतंत्र दिवस व अन्य विशेष समारोहों को देखते हुए राजधानी के कमिश्नरी क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दिया गया है। ऐसे में घंटाघर पर चल रहा प्रदर्शन पूरी तरह से अवैधानिक हो गया है। पुलिस लोगों को प्रदर्शन खत्म करने की अपील कर रही है। लेकिन प्रदर्शनकारी प्रशासन की बात सुनने को तैयार नहीं है। उन्होंने बताया कि रविवार को ठाकुरगंज में धारा 144 का उल्लंघन करने का मुकदमा भी दर्ज कराया जा चुका है। सोमवार को ठाकुरगंज थाने में तीन अलग-अलग एफआईआर और दर्ज की गई है। अज्ञात प्रदर्शनकारियों के नाम व पते की जानकारी के साथ उन्हें चिह्नित भी किया जा रहा है और उनके खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की जा रही है।

Posted By: Inextlive