- विपक्षी का पर्चा छीनने, मारपीट का आरोप

- केस दर्ज करके पुलिस कर रही जांच पड़ताल

GORAKHPUR: ब्लॉक प्रमुख पद के नामांकन को लेकर सहजनवां में बवाल हुआ। निर्विरोध जीतने के लिए सपा प्रत्याशी के समर्थकों ने विपक्षी पर हमला बोल दिया। मारपीट कर विपक्षी उम्मीदवार के प्रस्तावक का पर्चा लूट गए। डीएम के हस्तक्षेप पर विपक्षी का पर्चा दाखिला हो सका। पीडि़त की तहरीर पर सपा के प्रमुख प्रत्याशी और उनके समर्थकों के खिलाफ केस दर्ज करके पुलिस कार्रवाई कर रही है।

गेट पर छीन लिया पर्चा

सहजनवां ब्लॉक से सपा ने राम प्रकाश शुक्ला को प्रत्याशी घोषित किया है। राम प्रकाश शुक्ला के खिलाफ अहमद सउद ताल ठोंक रहे हैं। हरपुरबुदहट एरिया के देवरिया निवासी गुड्डन की मां रुमाली क्षेत्र पंचायत के वार्ड नंबर 55 की सदस्य हैं। अहमर सउद ने रुमाली देवी को अपना प्रस्तावक बनाया। शुक्रवार की दोपहर करीब ढाई बजे नामांकन चल रहा था। तभी रुमाली देवी के बेटे गुड्डन पर्चा लेकर ब्लॉक गेट पर पहुंचे। आरोप है कि गेट पर पहले से मौजूद राम प्रकाश शुक्ला और उनके समर्थकों ने गुड्डन को घेर लिया। मारपीट कर उसके हाथ से पर्चा छीनकर फरार हो गए।

डीएम के कहने पर नामांकन

ब्लॉक गेट पर मारपीट, पर्चा छीनने पर दूसरे पक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया। बवाल की सूचना पर भारी पुलिस फोर्स लगा दी गई। सभी ब्लॉक्स का जायजा लेने निकले डीएम ओएन सिंह और एसएसपी अनंत देव पहुंच गए। अहमद सउद के समर्थकों ने डीएम से मामले की शिकायत की। डीएम के आदेश पर उनको दूसरा पर्चा देकर नामांकन कराया गया। लेकिन इसके बाद माहौल गर्म हो गया। अहमद सउद और उनके समर्थकों ने आरोप लगाया कि निर्विरोध जीतने के लिए हमला किया गया था। गुड्डन ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने आरोपी राम प्रकाश शुक्ल और उनके समर्थकों के खिलाफ पर्चा लूटने और चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज कर लिया।

हमारे किसी समर्थक ने कोई विवाद नहीं किया। गेट पर मौजूद गुड्डन ने गाली देना शुरू कर दिया। इसको लेकर कहासुनी हुई थी। पर्चा छीने जाने का आरोप मनगढ़ंत है।

-राम प्रकाश शुक्ल, प्रमुख प्रत्याशी, सपा

मेरे साथ मारपीट की गई। पर्चा छीनकर लोग भीतर नहीं जाने दे रहे थे। इसको तमाम लोगों ने देखा। शिकायत करने पर डीएम ने दूसरा पर्चा दिलवाया।

-गुड्डन, पीडि़त

तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

-रोहित सिंह सजवान, एएसपी

Posted By: Inextlive