RANCHI : केंद्र सरकार ने राजधानी रांची में बहुप्रतीक्षित रातू रोड फ्लाई ओवर निर्माण को मंजूरी दे दी है। जल्द ही इसका इसका भूमि पूजन आयोजित किया जाएगा। गुरुवार को मोदी फेस्ट आयोजन के सिलसिले में रांची आए केंद्रीय सड़क परिवहन, राजमार्ग एवं जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी ने यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि झारखंड की सुवर्णरेखा नदी को जलमार्ग के रूप में विकसित किया जाएगा। इस योजना का शुभारंभ इसी साल अक्टूबर में वे खुद करेंगे।

दिसंबर तक बन जाएगा रांची-टाटा हाइवे

नितिन गडकरी ने कहा कि अगले दिसंबर तक रांची-जमशेदपुर राजमार्ग का कार्य पूरा हो जाएगा। एनएचएआइ इस मार्ग के लिए 400 करोड़ रुपये दे रही है। इस मार्ग का 50 परसेंट काम पूरा हो चुका है। कहा, इसका उद्घाटन करने दिसंबर में वे खुद आएंगे। केंद्रीय मंत्री ने महुलिया-बहरागोड़ा (71 किमी) फोरलेन का जिक्र करते हुए कहा कि इसका कार्य शुरू हो चुका है। इस मौके पर मुख्यमंत्री रघुवर दास, प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, नगर विकास मंत्री सीपी सिंह, सांसद रवींद्र राय, महेश पोद्दार और रामटहल चौधरी समेत कई विधायक मौजूद थे।

एनएच की लंबाई हुई दोगुनी

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि झारखंड में पहले नेशनल हाइवे की लंबाई 2402 किमी था, जो आज दोगुनी से ज्यादा बढ़कर 5390 किमी हो चुकी है। जब हमारी सरकार के पांच साल पूरे होंगे तब तक झारखंड में सड़कों पर हमारी सरकार एक लाख करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।

Posted By: Inextlive