- पैडलेगंज में पकड़ी गई चार महिलाएं

- दवा लेने जा रही महिला की उड़ाई चेन

GORAKHPUR: शहर के भीतर चलते टेंपो में चेन उड़ाने वाली महिलाओं का गैंग एक्टिव है। सोमवार को टेंपो सवार सास-बहू की चेन उड़ाने वाली चार महिलाएं रंगेहाथ पकड़ी गई। उनकी सूचना पर पुलिस ने संदिग्ध महिलाओं को हिरासत में ले लिया। हालांकि पीडि़त महिला के पति ने मुकदमा दर्ज कराने से मना कर दिया। पुलिस का कहना है पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बच्ची ने दबाया पैर, कट गई चेन

खोराबार, सूबा बाजार निवासी संजय कुमार की पत्‍‌नी सुनीता की तबियत खराब चल रही है। उसका उपचार डीआईजी बंगला के सामने बैठने वाले डॉक्टर रमेश सिंह के वहां चल रहा है। सोमवार की दोपहर करीब 12 बजे सुनीता अपनी सास दुलारी देवी, बेटों अभय और अंश के साथ उपचार कराने जा रही थी। सूबा बाजार में वह टेंपो में सवार हुई। महादेव झारखंडी मंदिर के पास टेंपो पहुंचा तो चार महिलाएं और एक आठ साल की बच्ची सवार भी टेंपो में सवार हो गई। मोहद्दीपुर से आगे टेंपो बढ़ा तभी बच्ची ने सुनीता का पैर दबा दिया। पैर देखने के लिए वह झुकी तभी किसी ने चेन उड़ा दी।

सास को हुआ शक

चेन कटने की भनक सुनीता को लग गई। उसने सास को बताया तब तक टेंपो पैडलेगंज से आगे बढ़ गया। सास-बहू के शोर मचाने पर टेंपो सवार लोगों ने संदिग्ध महिलाओं को रोक लिया। टेंपो सवार कुसम्ही बाजार निवासी अनिल कुमार और कौड़ीराम के वीरेंद्र कुमार मिश्र ने संदिग्ध महिलाओं से चेन देने को कहा। चोरी का इल्जाम लगने पर महिलाएं भड़क गई और झगड़ा करने लगीं। सुनीता की सास दुलारी ने पुलिस को कहा तो एक महिला ने चेन टेंपो के नीचे फेंक दी। चेन स्नेचिंग की जानकारी मिलने पर पैडलेगंज चौकी प्रभारी अशोक कुमार दुबे पहुंच गए। महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

गलत पता बताकर किया गुमराह

पुलिस की पूछताछ में चेन चुराने वाली महिलाओं ने गुमराह करना शुरू कर दिया। वह अपना नाम-पता गलत बताने लगे। दरोगा ने कहा कि वह तीन साल तक चौरीचौरा में तैनात रहे हैं। इसके बाद महिलाओं ने सच कबूला। महिलाओं की पहचान बेलवार की गुड्डी, गीता, अंजू और पूजा के रूप में हुई। चारों आपस में सास-बहू, ननद और भाभी कर रिश्ता बताने लगी। सुनीता की सास ने चेन की कीमत करीब 30 हजार बताई। कहा कि दो माह पूर्व टेंपो में उनकी 90 हजार रुपए की चेन कट गई थी। इसलिए वह महिलाओं पर कार्रवाई चाहती हैं, लेकिन महिला के बेटे संजय ने मुकदमा दर्ज कराने से मना कर दिया।

संदिग्ध महिलाओं के पास से चेन बरामद हुई है। टेंपो सवार लोगों के सामने एक महिला ने चेन फेंकी थी। पीडि़त से तहरीर लेकर कार्रवाई की जा रही है।

अशोक दुबे, चौकी प्रभारी, पैडलेगंज

Posted By: Inextlive