बेतियाहाता में सीनियर सिटीजन पत्नी का इलाज करने गए थे। बाइक सवार युवक ने दिया झांसा अब आरोपित की तलाश में पुलिस...

GORAKHPUR: बेतियाहाता मोहल्ले में पत्नी का इलाज कराने गए सीनियर सिटीजन को झांसा देकर बाइक सवार बदमाश ने चपत लगा दी। बेटे से परिचित होने की बात कहकर जालसाज बुजुर्ग की पत्नी की गले से सोने की चेन लेकर फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कोतवाली पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। आरोपी की बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर भी पुलिस कामिला है।

डॉक्टर को दिखाने गए थे सीनियर सिटीजन
सिद्धार्थनगर, नौगढ़ निवासी अयोध्या श्रीवास्तव की पत्नी विद्या का इलाज चल रहा है। शुक्रवार दोपहर वह पत्नी को दिखाने बेतियाहाता में डॉक्टर के पास गए थे। करीब ढाई बजे एक बाइक सवार युवक मिला। अयोध्या को देखते हुए युवक ने अंकल कहकर नमस्ते किया। फिर खुद को उनके बेटे का दोस्त बताते हुए परिचय बढ़ाया। बताया कि वह आंटी की चेन ठीक करा देगा। बात करते हुए उसने अयोध्या और उनकी पत्नी विद्या को बाइक पर बैठा लिया। महिला के गले से चेन उतरवाकर अपने पास रख लिया। बेतियाहाता से घूमते हुए दोनों को साथ लेकर टाउनहाल के पास पहुंचा। महिला को यह कहकर बाइक से उतार दिया कि आप दो मिनट यहीं रूक जाइए। हम लोग अभी आ जाएंगे। जिला महिला अस्पताल के सामने पहुंचकर उसने अयोध्या से कहा कि चेन रखने के लिए डिब्बा नहीं है। थोड़ी देर रुकिए वह डिब्बा लेकर आ जाएगा। उसकी बातों में आकर अयोध्या भी उतर गए। उनके उतरते ही जालसाज बाइक सहित फरार हो गया। उसके न लौटने पर अयोध्या ने लोगों को जानकारी दी। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखकर पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। अयोध्या की बेटी ग्रीन सिटी में रहती है।

Posted By: Inextlive