कोरोना वायरस की चपेट में श्री राम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास भी आ गए हैं। मंहत के संक्रमित होने की जानकारी मिलते ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने जिले के अधिकारियों को उनकी उचित देखभाल करने का निर्देश दिया है।


लखनऊ (आईएएनएस)। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण से जुड़े श्री राम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास को लेकर एक बड़ी खबर आ रही है। महंत नृत्य गोपाल दास भी कोरोना वायरस महामारी की चपेट में आ गए हैं। उनकी कोराेना वायरस टेस्ट की रिपोर्ट पाॅजिटिव आई है। महंत मथुरा में हैं जहां वह जन्माष्टमी समारोह के लिए गए थे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले के अधिकारियों को महंत नृत्य गोपाल दास की उचित देखभाल करने का निर्देश दिया है। इसके अलावा मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने चिकित्सा विशेषज्ञों से भी बात की है। महंत को बाद में दिन में मेदांता अस्पताल में स्थानांतरित किए जाने की संभावना है। महंत नृत्य गोपालदास 5 अगस्त को राम मंदिर भूमि पूजन कार्यक्रम के मंच पर पीएम मोदी के साथ माैजूद रहे हैं। कोरोना वायरस मरीजों की संख्या 24 लाख के करीब पहुंची
बता दें कि भारत में कोरोना वायरस मामलों की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। गुरुवार को एक दिन में दर्ज होने वाले मामलों का हाईएस्ट रिकाॅर्ड दर्ज हुआ। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में पिछले 24 घंटों में 66,999 मामले दर्ज हुए। इस तरह से देश में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या गुरुवार को 23,96,637 हो गई है। वहीं पिछले 24 घंटों में 942 लोगों की माैत हुई है। भारत में कोरोना वायरस की वजह से हुई माैतों का आंकड़ा 47,033 पहुंच गया है। वर्तमान में देश में सक्रिय मामलाें की संख्या 6,53,622 है। इन सभी का उपचार हो रहा है। वहीं अब तक इस महामारी से ठीक होने वाले रोगियों की संख्या बढ़कर 16,95682 हो गई। भारत ने 7 अगस्त को कोविड-19 के मामलों ने 20 लाख का आंकड़ा पार कर लिया था।

Posted By: Shweta Mishra