चैत्र नवरात्र के पहले दिन सर्वार्थ सिद्धि योग में मंदिरों में पूजन-अर्चन को उमड़ी आस्था

ALLAHABAD: चैत्र नवरात्र के पहले दिन रविवार को सर्वार्थ सिद्धि योग के संयोग में दर्शन व पूजन के लिए देवी धाम में भक्तों की खासी भीड़ रही। शक्तिपीठ मां कल्याणी देवी, मां ललिता देवी व मां अलोपशंकरी तथा मां खेमा माई सहित अन्य देवी मंदिरों में घंटा घडि़याल की गूंज के बीच भक्तों ने मां के शैलपुत्री स्वरूप का दर्शन किया। मां के चरणों में मत्था टेकने के लिए भक्तजन सुबह से लंबी कतार में खड़े रहे। भक्तों के जयकारे से मां के धाम गूंजते रहे।

भोर में खुला दरबार का कपाट

मां कल्याणी देवी मंदिर में पहले दिन भोर में पांच बजे पं। सुशील कुमार पाठक व पं। श्यामजी पाठक की अगुवाई में वैदिक मंत्रोच्चार व शंखनाद के साथ मां के शैल पुत्री स्वरूप की मंगला आरती उतारी गई और महाभिषेक किया गया। इसके बाद कपाट खुला तो परिसर के बाहर तक भक्तों की कतार लगी रही। भोर में साढ़े पांच बजे मां ललिता देवी के दरबार को रजनीगंधा, गेंदा व गुलाब के फूलों से सजाया गया तो हरि मोहन वर्मा व धीरज नागर की अगुवाई में मां की आरती उतारी गई। ललिता देवी धाम में संरक्षक संजीव अग्रवाल की अगुवाई में 11 ब्राह्माणों की अगुवाई में शतचंडी महायज्ञ प्रारंभ हुआ। मां कल्याणी के दरबार में भी 11 ब्राह्माणों की देखरेख में विधि विधान से महायज्ञ शुरू किया गया।

पालना छूने को लगी रही होड़

अलोपीबाग स्थित मां अलोपशंकरी मंदिर के पुजारी संतोष तिवारी की अगुवाई में भोर के समय वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां का पालना बदल कर नया लगाया गया। इसके बाद कपाट खुलते ही दर्शन के लिए मंदिर से लेकर सड़क तक भक्तों की कतार लग गई। मां का पालना छूने व एक झलक पाने के लिए भक्तजन धक्का-मुक्की करते रहे। लोक नाथ चौक स्थित मां खेमा माई मंदिर में पुजारी कंचन मालवीय की देखरेख में मां का श्रृंगार बहुरंगी फूलों से किया गया। शाम को शंखनाद के बीच महाआरती में उमड़े भक्तों ने खूब जयकारा लगाया।

कलश स्थापित कर की पूजा

नवरात्र के पहले दिन शुभ मुहूर्त में भक्तजन घरों में भी कलश स्थापित कर मां की पूजा किए। हर जगह घरों में अभिजीत मुहूर्त सुबह नौ से लेकर दोपहर बारह बजे के बीच विधि विधान से कलश स्थापित किए गए। बड़े- बुजुर्ग, महिलाएं व युवाओं में कोई नौ दिन तो किसी ने पहले दिन का व्रत रखकर मां भगवती का पूजन किया।

अमावस्या पूजा पर उमड़े भक्त

बादशाही मंडी नारायण सिंह नगर के मां सिद्धेश्वरी काली मंदिर में शनिवार सुबह दस बजे को अमावस्या पूजा और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में भक्त उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पुरोहित रघुनाथ गोस्वामी, परनब दा, सुनील कुमार चटर्जी, अशोक वर्मा, मनोज नाग, नितिश कर, प्रदीप वर्मा, माया मुखर्जी, सुमीता बोस, मिसेज चटर्जी, ज्वायदीप कर, सोनू वर्मा, वीरू समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।

Posted By: Inextlive