Chandrayaan-3 Mission : चंद्रयान 3 के आगामी 23 अगस्त को चांद की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग करने की लाइव एक्टिविटीज इसरो वेबसाइट यूट्यूब चैनल फेसबुक और डीडी नेशनल टीवी पर देखी जा सकती है। इसरो प्रमुख ने चंद्रयान को लेकर सोमवार को केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह से नई दिल्ली में भी मुलाकात की।

नई दिल्ली (एएनआई)। Chandrayaan-3 Landing Updates : चंद्रयान 3 आगामी 23 अगस्त को चांद की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। इस संबंध में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष और अंतरिक्ष विभाग के सचिव एस सोमनाथ ने केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) विज्ञान और प्रौद्योगिकी, परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष जितेंद्र सिंह से सोमवार को नई दिल्ली में मुलाकात की। इस दाैरान उन्हें 23 अगस्त, 2023 को चंद्रमा पर उतरने के लिए 'चंद्रयान-3' की स्थिति और तैयारी से अवगत कराया। इसरो के अध्यक्ष ने मंत्री को चंद्रयान-3 की स्वास्थ्य स्थिति के बारे में जानकारी दी और कहा कि सभी प्रणालियां पूरी तरह से काम कर रही हैं। चंद्रयान-3 की कंडीशन पर लगातार नजर रखी जाएगी। उन्होंने कहा, लैंडिंग का अंतिम क्रम दो दिन पहले लोड किया जाएगा और उसका परीक्षण किया जाएगा।