-दुमका मामले में कानूनी बिंदु पर सुनवाई, लालू ने खुद रखा अपना पक्ष

-सीबीआइ ने तथ्य छिपाए, कोर्ट को गलत जानकारी दी गई

रांची : चारा घोटाले में दुमका कोषागार से अवैध निकासी से संबंधित मामले में बुधवार को बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद, पूर्व सांसद डॉ। आरके राणा, लोक लेखा समिति के तत्कालीन अध्यक्ष जगदीश शर्मा सहित अन्य आरोपी कोर्ट में पेश हुए। सीबीआइ के विशेष न्यायाधीश शिवपाल सिंह की अदालत में लालू सहित अन्य आरोपियों की पेशी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से हुई। लालू यादव ने खुद कोर्ट के समक्ष अपना पक्ष रखा। लालू ने न्यायाधीश से पूछा हुजूर कब तक जजमेंट दीजिएगा, जल्दी जजमेंट कर दिया जाए। इस बार थोड़ा बढि़या से लिखिएगा। हुजूर। अब तो होली जेल में ही बीतेगा।

सलाखों के पीछे फाग गाएंगे लालू

रांची : होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा (जेल) प्रशासन ने कैदियों के लिए होली में विशेष व्यवस्था की है। एक क्विंटल रंग व अबीर मंगवाया गया है। चारा घोटाला मामला में दोषी करार दिए गए बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव जेल में ही फाग गाएंगे। अपर डिवीजन सेल के कैदियों के अलावा वह सामान्य कैदियों के साथ होली खेलेंगे। जेल सूत्रों के अनुसार लालू को अपर डिवीजन सेल से निकाल कर सामान्य कैदियों के साथ होली खेलने की व्यवस्था की जाएगी। अन्य वीआइपी कैदी भी आम कैदियों के साथ होली खेलेंगे। जेल अधीक्षक अशोक चौधरी ने बताया कि होली को लेकर कैदियों में उत्साह है। प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी कैदियों के लिए रंग की व्यवस्था की जा रही है। ताकि कैदी भी सामान्य तरीके से होली मना सकें।

Posted By: Inextlive