- मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में सामान्य बना रहेगा मौसम, कुछ इलाकों में हो सकती है छिटपुट बारिश

DEHRADUN: चारधाम यात्रा मार्ग पर दुश्वारियां अभी भी बरकरार हैं। संडे को यहां पूरे दिन मार्ग बाधित होते रहे। बद्रीनाथ, केदारनाथ और गंगोत्री में अब भी यही स्थिति है, जबकि यमुनोत्री दोपहर बाद से सुचारु है। हालांकि वैकल्पिक मार्गो से वाहनों की आवाजाही कराई जा रही है। राज्य मौसम केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार अगले चौबीस घंटों में मौसम सामान्य बना रहेगा। कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश हो सकती है।

चमोली और रुद्रप्रयाग में सुबह के वक्त बारिश होने से बद्रीनाथ और केदारनाथ हाईवे अवरुद्ध हो गया। बद्रीनाथ हाईवे सैटरडे नाइट से लामबगड़ में बंद था। इसे सुबह 10 बजे यातायात के लिए खोल दिया गया, लेकिन दोपहर दो बजे फिर से अवरुद्ध हो गया। यात्रियों को पैदल मार्ग से बद्रीनाथ रवाना किया गया। चमोली के पास क्षेत्रपाल में भी बद्रीनाथ हाईवे ढ़ाई घंटे बंद रहा। यहां सुबह 11 बजे हाईवे पर पहाड़ी से मलबा आ गया था, दोपहर डेढ़ बजे तक मलबा हटाया जा सका। उधर, केदारनाथ हाईवे बीते 24 घंटे से बांसवाड़ा में बंद चल रहा था, दोपहर इसे खोल दिया गया, लेकिन शेरसी और जामू में पूरे दिन दिक्कतें बनी रही। दोपहर में यहां मार्ग खुलने के बाद राहत मिली। जामू में शाम को फिर से पहाड़ी से मलबा आने से मार्ग अवरूद्ध हो गया। गंगोत्री हाईवे पर दोपहर बाद चुंगी बड़ेथी में वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। यहां पहाड़ी से पत्थर गिर रहे हैं। वैकल्पिक मार्गो से यात्रियों को भेजा जा रहा है। यमुनोत्री मार्ग सुबह राणाचट्टी में बाधित था, सुबह लगभग साढ़े ग्यारह बजे इसे यातायात के लिए सुचारु कर दिया गया।

मकान ध्वस्त, भागकर बचाई जान

कुमाऊं मंडल में अल्मोड़ा जिले के रानीखेत में बारिश से एक आवासीय भवन जमींदोज हो गया, उसमें रह रहे परिवार ने भागकर जान बचाई। पिथौरागढ़, नैनीताल और अल्मोड़ा के कई हिस्सों में झमाझम बारिश हुई। पिथौरागढ़ में टनकपुर-तवाघाट मार्ग चार घंटे अवरुद्ध रहा।

Posted By: Inextlive