- पुराना पुल से जोड़ने और अयूब खां चौराहा की तरफ भी टू लेन पुल बनेगा

- 78.30 करोड़ की लागत से बनेगा ओवरब्रिज, शासन को भेजा गया एस्टीमेट

BAREILLY:

चौपुला चौराहे पर लगने वाला भीषण जाम बीते दिनों की बात होगी। चौराहे पर पुलिस लाइंस से मढ़ीनाथ रेलवे ओवर ब्रिज तक बनने वाले 780 मीटर लम्बे फ्लाईओवर का खाका नक्शा तैयार हो गया है। सेतु निगम ने पुल की लागत करीब 78 करोड़ रुपए बतायी है। शासन से अनुमति मिलते ही पुल निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा।

 

थ्री लेन का होगा फ्लाईओवर

बरेली-दिल्ली रोड पर मौजूदा सड़क के ऊपर से थ्री लेन का नया ओवरब्रिज बनाया जाएगा। यह पुल पुलिस लाइंस के गेट से शुरू होकर मढ़ीनाथ रेलवे ओवरब्रिज तक होगा। इस फ्लाईओवर की लंबाई करीब 780 मीटर होगी और यह पुल सड़क से करीब छह मीटर ऊंचा होगा। ओवरब्रिज के बीच से अयूब खां चौराहे की ओर करीब 280 मीटर का छोटा टू लेन पुल बनेगा। वहीं, पुलिस लाइंस की ओर से आने वाले वाहनों को बदायूं मोड़ने को थ्री लेन ओवरब्रिज के बीच से 84 मीटर का टू लेन पुल बनेगा।

 

पुल की डिजाइन फाइनल

सेतु निगम पुल में कितने पिलर, कितनी लम्बाई-चौड़ाई और ऊंचाई कितनी होगी सब तैयार कर चुका है। थ्री लेन पुल और अयूब खां चौराहा और पुराने पुल से जुड़ने वाले टू लेन पुल की भी प्लॉनिंग कर ली गई है। ओवरब्रिज की डिजाइन तैयार कर शासन को एस्टीमेट के साथ भेज दिया गया है। सेतु निगम के अधिकारियों ने बताया कि टोटल 78.30 करोड़ रुपए का बजट बनाकर भेजा गया है। पुल बनने के बाद वाहनों के आवागमन में आसानी होगी।

 

वाहनों का आवागमन होगा आसान

ट्रैफिक पुलिस के रिकॉर्ड के मुताबिक, एक सेकंड में 10 छोटे-बड़े वाहन आते-जाते हैं। इस हिसाब से देखा जाए तो 24 घंटे में 86,400 वाहन चौपुला चौराहा से होकर गुजरते हैं। सुबह और शाम के वक्त ट्रैफिक काफी होता है। जिसके कारण अक्सर जाम लगा रहता है। ऐसे में नया फ्लाईओवर बनने के बाद दिल्ली से लखनऊ की ओर जाने वाले वाहन सीधे थ्री लेन पुल से होकर निकलेंगे। सिटी की ओर से अयूब खां जाने वाले वाहन नए टू लेन पुल से होकर निकलेंगे। इसी तरह पुलिस लाइंस से बदायूं जाने वाले वाहन थ्री लेन पुल के बीच से नए टू लेन पुल होकर पुराने पुल पर उतर जाएंगे। चौराहे पर बना मौजूदा पुल वन वे हो जाएगा।

 

 

एक नजर पुल पर

- 780 मीटर होगी पुल की लम्बाई।

- 280 मीटर का छोटा टू लेन पुल अयूब खां की तरफ होगा।

- 84 मीटर छोटा टू लेन पुल बदायूं की तरफ मोड़ने के लिए होगा।

- 21 पीलर पुलिस लाइंस से मढ़ीनाथ आरओबी तक बनेगा।

- 5 पीलर बदायूं की तरह पुराने पुल से जोड़ने के लिए बनेगा।

- 8 पीलर अयूब खां चौराहा की तरफ मुड़ने के लिए बनेगा।

- 6 मीटर सड़क से ऊंचा होगा पुल।

- 78.30 करोड़ रुपए का है एस्टीमेट।

 

चौपुला चौराहे पर ट्रैफिक

- 86,400 छोटे-बड़े वाहन रोजाना गुजरते हैं।

- 1 सेकंड में 10 वाहन आते-जाते हैं।

- 1 मिनट में 15 बड़े वाहन गुजरते हैं।

 

चौपुला पर थ्री लेन नए पुल बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। यह पुल अयूब खां चौराहा व पुराने पुल को जोड़ते हुए बनेगा। पुल की डिजाइन तैयार कर ली गई है। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद काम शुरू किया जाएगा।

सूरज कुमार गर्ग, प्रोजेक्ट मैनेजर, सेतु निगम

Posted By: Inextlive