Chhath Puja 2021 : छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं के नदी में डुबकी लगाने की कड़ी आलोचना के बीच दिल्ली सरकार ने यमुना नदी में बने जहरीले झाग को हटाने के लिए नावों को तैनात किया है। सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग राजस्व विभाग और दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति ने संयुक्त रूप से यह निर्णय लिया है।


नई दिल्ली (एएनआई)। Chhath Puja 2021 : छठ पूजा से कुछ घंटे पहले दिल्ली सरकार के एक अधिकारी ने कहा, सरकार ने बढ़ते प्रदूषण के कारण यमुना में बन रहे झाग को हटाने के लिए 15 नावों को तैनात किया है। छठ पूजा के तीसरे दिन संध्या अर्घ्य से पहले, भक्त पवित्र जल में डुबकी लगाते हैं और सूर्य की पूजा करते हैं। इसलिए नदी से जहरीले झाग को साफ करने के लिए नावों का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग, राजस्व विभाग और दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति ने संयुक्त रूप से यह निर्णय लिया है। अधिकारियों ने बताया कि दो नावों के बीच एक मजबूत कपड़ा बांधकर झाग को किनारे तक लाया जाएगा। झाग साफ कराने का विचार पर्यावरणविदों, राजनीतिक दलों और दिल्ली के लोगों द्वारा भयावह स्थिति पर चिंता जताने के बाद आया है।

यमुना में झाग पर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का खेल जारी
यमुना नदी पर तैरता खतरनाक झाग अमोनिया के स्तर में वृद्धि और उच्च फॉस्फेट चीजों का परिणाम है जो नदी में डिटर्जेंट सहित औद्योगिक प्रदूषकों के निर्वहन के कारण होता है। वरुण गुलाटी नाम के एक सामाजिक कार्यकर्ता ने कहा है कि झाग नदी के किनारे स्थापित की गई अवैध जींस बनाने वाली इकाइयों द्वारा डेनिम को रंगने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले रासायनिक कचरे का परिणाम है। हालांकि, इस मुद्दे पर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का खेल जारी है क्योंकि दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष और आम आदमी पार्टी (आप) राघव चड्ढा ने नदी में अनुपचारित अपशिष्ट जल छोड़ने के लिए उत्तर प्रदेश और हरियाणा की भाजपा शासित सरकारों पर अपनी पीड़ा व्यक्त की।

Posted By: Shweta Mishra