Chhath Puja 2021 : पूरे देश में आज छठ पर्व पूरे जोश व उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर राष्ट्रपति कोविंद प्रधानमंत्री मोदी उपराष्ट्रपति व गृहमंत्री ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी।

नई दिल्ली (एएनआई)। Chhath Puja 2021 : लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा आज पूरे देश में धूमधाम से मनाया जा रहा है। आज डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को छठ पूजा के मौके पर लोगों को बधाई दी। पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए कहा कि सूर्य पूजा के पर्व छठ पर आप सभी को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। छठ देवी सभी को अच्छे स्वास्थ्य और खुशियों का आशीर्वाद दें।

राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने दी बधाई
इससे पहले राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने नागरिकों को बधाई दी और कामना की कि यह त्योहार पर्यावरण की रक्षा के लिए लोगों के प्रयासों को मजबूत करेगा। राम नाथ कोविंद द्वारा राष्ट्रपति भवन के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट किए गए ट्वीट के मुताबिक छठ पूजा के शुभ अवसर पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं। यह पर्व प्रकृति, विशेषकर सूर्य‌ व‌‌ जल पर हमारी निर्भरता‌ को स्वीकारने का भी अवसर है। मेरी कामना है कि यह त्‍योहार हमारी सांस्कृतिक विरासत को सबल बनाने के साथ-साथ पर्यावरण-संरक्षण के हमारे प्रयासों को भी सुदृढ़ बनाए।

छठ पर्वों में प्रकृति की छवि दिखती-वेंकैया नायडू
उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने भी शुभकामनाएं देते हुए ट्वीट किया कि 'छठ के पावन अवसर पर श्रद्धालु देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। हमारे पर्वों में प्रकृति की छवि दिखती है। यह नदियों की पवित्रता का पर्व है, सूर्य की दिव्यता का पर्व है, अर्घ्य में समर्पित खाद्यान्न की सात्विकता का पर्व है। प्रकृति में हमारी आस्था का पर्व है। इसके अलावा गृहमंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर कहा, 'समस्त देशवासियों को सूर्य आराधना के महापर्व 'छठ पूजा' की हार्दिक शुभकामनाएं। सूर्यदेव सभी के जीवन में सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और नई ऊर्जा का संचार करें। जय छठी मैया!

8 नवंबर, 2021 को नहाय खाय से शुरू हुआ पर्व
छठ पूजा पूरे उत्तर भारत में व्यापक रूप से मनाई जाती है, खासकर बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में। इस वर्ष यह उत्सव 8 नवंबर, 2021 को नहाय खाय से शुरू हुआ था और 11 नवंबर, 2021 को उषा अर्घ्य के साथ समाप्त होगा। सूर्य की पूजा से लेकर गुड़, ठेकुआ और अरवा चावल की खीर सहित सात्विक भोजन बनाने और मेलों में एक से दूसरे स्टाल पर जाने तक लोग छठ पूजा को अपने खास तरीके से मनाते हैं। छठ पूजा अब विदेशों तक मनती हैं।

Posted By: Shweta Mishra