इलाहाबाद विश्वविद्यालय के हॉस्टलों में अवैध तरीके से काबिज छात्रों के खिलाफ अभियान 11 से चलेगा

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: इलाहाबाद विश्वविद्यालय के हॉस्टलों में अवैध तरीके से कमरा कब्जा करने वालों के खिलाफ विश्वविद्यालय प्रशासन ने नजरें टेढ़ी कर दी है। विश्वविद्यालय के हॉस्टलों के भीतर अक्सर अराजकता को जड़ से समाप्त करने के लिए बड़ा कदम उठाते हुए कब्जाधारियों के विरूद्ध 11 जनवरी से सिलसिलेवार अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान अवैध लोगों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कराया जाएगा और आपराधिक कार्रवाई के लिए संस्तुति भी की जाएगी। यह निर्णय विश्वविद्यालय प्रशासन के आला अधिकारियों और पुलिस प्रशासन के बीच मंगलवार को हुई बैठक में लिया गया है।

सभी वार्डेनों को दी गई सूचना

विश्वविद्यालय के हॉस्टलों में अभियान चलाने को लेकर मंगलवार को विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के बीच चीफ प्रॉक्टर ऑफिस में बैठक हुई। जिसमें अवैध कब्जाधारियों को निष्कासित करके वैध छात्रों को कक्ष आवंटन करने, अवैध के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कराने के साथ आपराधिक कार्रवाई किए जाने संबंधित निर्णय की जानकारी सभी हॉस्टलों के वार्डेनों को भी दी गई है। बैठक में तय किया गया कि अभियान के अन्तर्गत पहले दिन जीएन झा हॉस्टल में रेड डाली जाएगी। बैठक में चीफप्रॉक्टर प्रो। राम सेवक दुबे, डीएस डब्लू प्रो। हर्ष कुमार, प्राक्टोरियल बोर्ड के सभी सदस्य, एएसपी सुकीर्ति माधव, क्षेत्राधिकारी सिविल लाइंस आलोक मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक कर्नलगंज सत्येन्द्र सिंह मौजूद रहे।

कई दिनों से हॉस्टल में अवैध तरीके से कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए योजना पर मंथन चल रहा था। पुलिस फोर्स की व्यस्तता की वजह से पुलिस प्रशासन के साथ वार्ता नहीं हो पा रही थी। मंगलवार को बैठक हुई और संयुक्त रूप से निर्णय लिया गया कि ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान के दौरान ही अभियोग पंजीकृत किया जाएगा। अगर उसमें विश्वविद्यालय के छात्र शामिल होंगे तो उन्हें निष्कासित भी किया जाएगा।

प्रो। राम सेवक दुबे, चीफप्रॉक्टर इविवि

Posted By: Inextlive