वेस्‍टइंडीज के धमाकेदार क्रिकेट खिलाड़ी क्रिस गेल को लोग एक मस्‍त बिंदास और दिलदार शख्‍स के तौर पर जानते हैं। मैदान या मैदान के बाहर वो बेहद मस्‍त मौला इंसान नजर आते हैं लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि ये एटिट्यूड उनको एक गंभीर हार्ट सर्जरी से उबरने के बाद मिला है। इस राज पर से अपनी आत्‍मकथा के लांच पर खुद गेल ने पर्दा उठाया।

जारी की अपनी आत्मकथा
शुक्रवार को दिल्ली में वेस्ट इंडियन क्रिकेटर क्रिस गेल ने अपनी आत्मकथा सिक्स मशीन जारी की। इस मौके पर बीसीसीआई के अध्यक्ष अनुराग ठाकुर और पूर्व भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी वीरेंद्र सहवाग मौजूद थे। गेल ने पुस्तक के लांच के मौके पर अपनी जिंदगी के कई पहलुओं से पर्दा उठाया। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि वे भारत में अपनी किताब का लांच करके बेहद उत्साहित हैं। वहीं पूर्व क्रकेटर वीरेंद्र सहवाग ने भी गेल की काफी प्रशंसा की और उन्हें फैंस का सबसे ज्यादा मनोरंजन करने वाला क्रिकेट खिलाड़ी बताया। अनुराग ठाकुर ने भी गेल की तारीफ करते हुआ कहा कि इस किताब का टाइटिल ही गेल के खेल की हकीकत बयान करता है।

दिल के ऑपरेशन के बाद मिला सकारात्मक रवैया
क्रिस गेल ने इस मौक पर अपनी जिंदगी में मस्त और बिंदास बनने का रहस्य बताते हुए कहा कि 2005 में हुई हार्ट सर्जरी से उबरने के बाद उन्हें जिंदगी की असली कीमत समझ आयी और उन्होंने सकारात्मक रवैये के साथ जीना शुरू किया। उन्होंने समझा की जिंदगी का हर पल कीमती है और इसे भरपूर जीना चाहिए। किताब के विमोचन पर भी वहां उपस्थित फैन्स के साथ उनका यही रुख नजर आया।

ऑस्ट्रेलिया में हुई थी हार्ट सर्जरी
गेल ने बताया कि 2005 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर तबियत खराब होने के बाद वो अस्पताल गये जहां डाक्टरों ने बताया कि उनके दिल में छेद है और उसकी सर्जरी जरूरी है। इसके बाद उन्होंने वहीं सर्जरी करवायी और ऑपरेशन से पहले उन्होंने अपने माता पिता को भी इसकी जानकारी नहीं दी। ऑपरेशन के बाद उन्होंने अपने पेरेंटस को फोन किया। तभी से उन्होंने जिंदगी का मजा लेने का निश्चय किया, और उनका खेल उनकी जिंदगी का हिस्सा है। यही वजह है कि वो अपने खेल का पूरा मजा लेते हैं जिसके चलते लोग उन्हें सिक्स मशीन मानते हैं।

Cricket News inextlive from Cricket News Desk

Posted By: Molly Seth