- प्रभु यीशु के पुर्नउत्थान दिवस पर गिरजाघरों में हुई विशेष प्रार्थना

- मसीही समुदाय के लोगों ने निकाला जुलूस

ALLAHABAD: मानवता के लिए क्रूस पर चढ़ने के दो दिन बाद इस्टर यानी प्रभु के पुर्नउत्थान दिवस पर रविवार को गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना का आयोजन किया गया। प्रार्थना के बाद लोगों ने प्रभु के पुन: जीवित होने की खुशी में उत्सव मनाया और विशेष प्रकार के आयोजन किए। इस अवसर पर सेंट पीटर्स चर्च म्योराबाद में पिछले 72 घंटे से चल रही प्रार्थना का भी समापन हो गया। भोर में विशेष प्रार्थना के बाद मसीही समुदाय के लोगों ने चर्च से कब्रिस्तान तक जुलूस निकाला और लोगों को प्रभु के पुर्नउत्थान का संदेश दिया।

पूर्वजों की कब्र पर जलाई कैंडिल

लोगों ने पूर्वजों की कब्र पर कैंडिल जलाई और प्रार्थना की। इसके बाद वापस म्योराबाद चर्च पहुंचे। फादर प्रवीण मैसी ने विशेष प्रार्थना की। बिलासपुर से आए राजेश मसीह ने प्रवचन के माध्यम से प्रभु के संदेश को आत्मसात करने और उनके बताए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में एकल गीत, समूह गीत आदि की प्रस्तुति हुई। इस अवसर पर रेव्ह। डॉ। विनीता इसूबियस ने भी बाइबिल के संदेश को विस्तार से लोगों को बताया। अंकित, रौनल, निश्चित, रौनी डेनियल, ने विशेष गीत की प्रस्तुति दी।

पत्थर गिरजाघर में भी हुई प्रार्थना

ईस्टर के अवसर पर सिविल लाइंस स्थित पत्थर गिरजाघर में भी विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। जिसमें डायसिस ऑफ लखनऊ के बिशप ने मुख्य आराधना की। प्रार्थना सभा के लोगों ने यीशु जी उठे, निश्चय जी उठे के संबोधन से लोगों को बधाई दी।

Posted By: Inextlive