- गिरजाघरों से लेकर मार्केट तक रही क्रिसमस की धूम

- प्रभु यीशु मसीह की झांकियां और क्रिसमस ट्री रहे विशेष आकर्षण के केंद्र

GORAKHPUR: सिटी में क्रिसमस का पर्व बड़ी ही धूमधाम के साथ मनाया गया। डिवोशन के साथ जहां लोगों ने प्रार्थना की, वहीं इमोशनली प्रभु यीशु की कुर्बानी को याद किया। इसके बाद चर्च में लगे फेट से लेकर झांकियों तक गोरखपुराइट्स ने जमकर मस्ती की। मसीही समाज के लोगों ने प्रभु यीशु के जन्म दिन पर चर्चो में प्रार्थनाएं की और एक दूसरे को गले मिलकर मैरी क्रिसमस कहा।

हुई स्पेशल प्रेयर

चर्चो में उन्होंने यीशु का जन्म होते ही खुशियां मनाते हुए गीत गाए गए, चचरें में बाइबिल पढ़ी गई, साथ ही लोगों को विशेष संदेश दिए गए। शुक्रवार की शाम चर्चो के पुरोहितों ने विशेष प्रार्थनाएं कराई, उसके बाद लोगों ने मोमबत्तियां जला प्रभु यीशु को याद किया। क्रिसमस के अवसर पर शहर के सभी चर्च रंग बिरंगी झालरों से सजे रहे, जिसमें से रंग बिरंगी रोशनी माहौल को कलरफुल बना रही थीं। इस मौके पर नन्हें-मुन्नों ने यीशू के जन्म पर आधारित नाटक भी प्रस्तुति किया। गिरजाघरों में प्रभु यीशु मसीह की झांकियां और क्रिसमस ट्री लोगों के आकर्षण केंद्र बना रहा।

विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन

शहर के गिरजाघरों में गुरुवार की शाम से ही चहल-पहल शुरू हो गई थी। शुक्रवार की शाम तक गिरजाघरों में रौनक छाई रही। सेन्ट जॉन्स चर्च बशारतपुर में सुबह नौ बजे पुरोहित संजय विन्सेंट ने विशेष प्रार्थना कराई। चर्च में कैरल गूंजने लगा। चर्च के गार्डेन से लेकर बाहर गेट तक लोगों की भीड़ लगी रही। युथ ने अपने साथियों संग खूब सेल्फी ली। वहीं सेंट जोसेफ चर्च सिविल लाइन के पुरोहित सिबीच्चन ने प्रार्थना कराई। चर्च में बनी झांकियों को देखने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।

जाना क्रिसमस का महत्व

क्राइस्ट चर्च शास्त्री चौक के पुरोहित रेव्ह डीकन डीआर लाल ने लोगों को प्रार्थना कराई और क्रिसमस के महत्व को लोगों को बताया। सेन्ट एंड्रयूज चर्च कौआबाग के रेव्ह जसवंत हिलेरी, सेन्ट मार्क चर्च पादरी बाजार के रेव्ह अजीत लॉरेन्स, सेन्ट थॉमस धर्मपुर के रेव्ह डेविड आन्द्रियास, सेन्ट मार्टिन चर्च असुरन चुंगी रेव्ह रोशनलाल व राप्तीनगर के प्रेयर हाल में रेव्ह ईश्वर दयाल ने आए हुए लोगों को विशेष प्रार्थना कराई और प्रभु यीशु मसीह के संदेश को श्रद्धालुओं को सुनाया और क्रिसमस की बधाई दी। सुबह चर्च में प्रार्थना करने के बाद मसीह समाज के लोग एक दूसरे के घर जाकर बधाई देने लगे। क्रिसमस सेलिब्रेशन के दौरान बशारतपुर, राप्तीनगर, पादरी बाजार और शाहपुर एरिया के कई चौराहों पर सेन्टा क्लॉज ने टॉफियां और गिफ्ट बांटे।

Posted By: Inextlive