- चर्च में हो रही हैं विशेष प्रार्थना सभाएं

-जीवन में प्रेम की कमी से घट रही हैं आतंकी घटनाएं

PATNA: क्रिसमस डे को लेकर मार्केट और चर्च सज रहे हैं। क्रिसमस करीब आते ही लाल रंग के प्रति यंग पटनाइट्स में क्रेज बढ़ जाता है। खासकर बच्चे सांता क्लॉज वाले ड्रेस को खूब पसंद करते हैं। चर्च में भी प्रभु ईशु के इस दिन को खास तरीके से सेलिब्रेट करने के लिए व्यवस्था की जा रही है। कहीं रंग-रोगन हो रहा है, कहीं सफाई की जा रही और हर चर्च को लाइट से सजाया जा रहा है।

कैरल्स के लिए रोज निकलते यूथ

आया ईशु मसीह आया, जगत में आज आया, शांति का संदेश देने आया, प्रेम हमें सिखाने आया। ऐसे ही गीतों को गाते हुए आर्च विशप हाउस बांकीपुर से रोज कुछ यूथ कैरल्स के लिए निकलते हैं। इस दौरान चर्च के यूथ घर-घर जाकर गीत के माध्यम से ईशा मसीह के जन्मोत्सव के संदेश को सुनाते हैं। ऐसे कई गीत कैरल्स में गाए जाते हैं। सभी का मतलब यही होता है कि प्रभु ईशु धरती पर मानवता को बचाने और प्रेम का संदेश देने के लिए आए थे। ऐसा हर साल किया जाता है। 16 दिसंबर से हर रोज कैरल्स के लिए यूथ निकलते हैं और यह 23 दिसंबर तक चलेगा।

आध्यात्मिक तैयारी भी

आर्च विशप हाउस के फादर प्रेम प्रकाश (विकर जनरलल) कहते हैं कि पांच छह दिन पहले से विशेष प्रार्थनाएं की जाती हैं। चर्चो की सजावट के साथ-साथ आध्यात्मिक तैयारी भी होती है। इस दौरान लोग कन्फेसन भी करते हैं, 24 दिसंबर की रात विशेष प्रार्थना भी होती है और धूमधाम से ईशु का जन्मदिन मनाया जाता है। क्रिसमस को लेकर पटना के प्रमुख चर्चो जैसे प्रेरितों की महरानी चर्च, पटना सिटी के चर्च, कैथोलिक चर्च बांकीपुर आदि जगहों पर विशेष तैयारी की जाती है। कई चर्चों के फादर यह मानते हैं कि धीरे-धीरे लोगों की आस्था प्रभु ईशु में बढ़ी है। 24 दिसंबर के आधी रात के बाद से ही यहां भीड़ लगने लगती है और 25 दिसंबर के पूरे दिन मेले जैसा माहौल रहता है। खासकर यूथ को इसमें ज्यादा आस्था होती है। फादर प्रेम प्रकाश कहते हैं कि यहां आने वाले किसी भी लोगों से जब मैं पूछता हूं तो वे यही कहते हैं कि यहां आकर शांति और सुकून मिलती है।

प्रभु ईशु का संदेश है कि मानवता से प्रेम करो। हम सभी एक ही ईश्वर के संतान हैं। ईशु पृथ्वी पर मानवता की खुशी का संदेश लेकर आये थे। आज जो इतनी घटनाएं हो रही हैं इसकी वजह यही है हमारे जीवन में प्रेम में कमी आयी है।

-फादर प्रेम प्रकाश (विकर जनरलल), आर्च विशप हाउस, बांकीपुर

Posted By: Inextlive