- एनआरआई समिट में शामिल होने के लिए शनिवार को 260 प्रवासी भारतीय पहुंचे बनारस

- पहुंचने वालों में मलेशिया से 70, दुबई से 50 एनआरआई

VARANASI

ऐढ़े गांव में एनआरआई को ठहराने के लिए बनी टेंट सिटी की व्यवस्थाएं पूरी तरह से चाक-चौबंद हो गई हैं। समिट में शामिल होने के लिए 75 देशों से प्रवासी भारतीयों का आना भी शुरू हो गया है। 19 जनवरी की रात तक बाबतपुर एयरपोर्ट पर करीब 260 एनआरआई वाराणसी पहुंचे। जिन्हें तय स्थान टेंट सिटी, होटलों और मेजबानों के घरों के लिए कैब से रवाना किया गया। 21 जनवरी की सुबह तक 1480 प्रवासियों से टेंट सिटी फुल को जाएगा।

पिंडरा एसडीएम ने बताया कि शनिवार को बाबतपुर एयरपोर्ट पर करीब 260 एनआरआई पहुंचे। मलेशिया से 70, दुबई से 50 के अलावा अमेरिका, कनाडा, ओमान, साउथ अफ्रीका से 15-20 की संख्या में एनआरआई पहुंचे। रविवार को आने वालों की संख्या ज्यादा रहेगी।

नरेंद्र मोदी की घोषणा सुनने आया हूं

मारिशॅस से आए हिन्दू हाउस के प्रधान वीरेंद्र रामधुन ने बताया कि एनआरआई समिट को लेकर काफी उत्सुकता है। एनआरआई के लिए पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा क्या घोषणा की जाएगी इसे लेकर काफी उत्सुकता है। रामधुन ने बताया कि मारिशॅस में हमारी संस्था हिन्दू, हिन्दी, भोजपुरी और भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार का काम करती है। इसके अलावा अफ्रीकी कंट्रीज में हिन्दुओं की सुरक्षा और उनके हित पर काम किया जाता है। वैसे तो मारिशॅस में हिन्दू सुरक्षित हैं। थोड़ी समस्या तो हर देश में है। किसानों के लिए कापरेटिव सोसाइटी भी चलायी जा रही है। किसानों को भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूक भी किया जाता है। हमारी संस्था के प्रयास से ही मारिशॅस के पाठ्यक्रम में हिन्दी भाषा शामिल हुआ है।

अपनी मिट्टी से काफी लगाव है

समिट का हिस्सा बनने आये देवतम संतोखी कहते हैं कि हिन्दू सेकेट्री हाउस के अलावा कई कार्यो के लिए भारत सरकार से काफी मदद मिली है। हिन्दी प्रचारिणी सभा के जरिए हिन्दुओं के बच्चों को हिन्दी पढ़ाई जाती है। भोजपुरी भाषा बोलने के लिए प्रेरित किया जाता है। हम लोग यूपी-बिहार के रहने वाले हैं। यहां की मिट्टी से काफी लगाव है। भारत में काफी निवेश किया गया है, भविष्य में करने की इच्छा है। पीएम मोदी से काफी उम्मीद है। हम लोग इंडिया में एकाउंट खोलना चाहते हैं, लेकिन प्रक्रिया इतनी जटिल है कि खाता नहीं खुल पाता है, जबकि हम लोगों को ओसीआई कार्ड मिला है, जिससे भारत में बिना वीजा के आ सकते हैं।

हरियाणा के मुख्यमंत्री आज पहुंचेंगे

प्रवासी भारतीय दिवस कार्यक्रम में रविवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर पहुंचेंगे। वे विदेश मंत्री सुषमा स्वराज सहित विदेशों में रहने वाले भारतीय मूल के उद्योगपतियों से भी मुलाकात करेंगे।

राज्यमंत्री ने किया निरीक्षण

राज्यमंत्री नीलकंठ तिवारी ने टेंट सिटी और बड़ालालपुर का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न देशों से आ रहे प्रवासी मेहमानों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराए जाने के साथ अतिथि देवो भव: की भावना के साथ व्यवहार किए जाने पर विशेष जोर दिया।

Posted By: Inextlive