-शहर के प्रमुख मार्गो पर रोशनी फैलाने की डीएम ने की अपील

-श्रद्धालुओं के गुजरने वाले रास्तों पर है जिला प्रशासन का फोकस

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: अगले साल लगने वाले कुंभ में शहर दिवाली सा जगमगाएगा। खासकर वह मार्ग जिन पर चलकर श्रद्धालु संगम की ओर प्रस्थान करेंगे। स्वयं जिला प्रशासन ने इसके लिए इन मार्गो के निवासी और व्यापारियों से अपील की है। इसपर अमल होना भी लगभग तय माना जा रहा है। बता दें कि इसकी पहल डीएम सुहास एलवाई ने की है। उनका मानना है कि कुंभ में दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को शहर आकर्षक और जगमगाता हुआ नजर आए।

लगाएंगे झालर, सजाएंगे रंगोली

शहर के कुल एक दर्जन मार्गो के रहवासियों और व्यापारियों से अपील की गई है। इनमें एमजी मार्ग, एसपी मार्ग, लीडर रोड, जीरो रोड, कीडगंज सहित अन्य मुख्य मार्ग शामिल हैं। इनसे होकर श्रद्धालु संगम का सफर तय करते हैं। प्रशासन चाहता है कि इन रास्तों पर पड़ने वाले घरों व प्रतिष्ठानों पर कुंभ के दौरान झालर लगाने के साथ रंगोली सजाई जाए। ताकि आने वाले वालों को एक बेहतर नजारा दिखे। अधिकारियों की इस रिक्वेस्ट को लगभग एक्सेप्ट भी कर लिया गया है।

सोने पर सुहागा का करेगा काम

अगले साल लगने वाले कुंभ के लिए शहर तेजी से तैयार हो रहा है। इस महाआयोजन में 12 से 15 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद की जा रही है। इसके अलावा शहर की दीवारों को भी आकर्षक पेंटिंग के जरिए संवारा जा रहा है। सड़कों का चौड़ीकरण जारी है। कुछ अन्य योजनाएं भी प्रशासन की पाइप लाइन में हैं जो दिव्य और भव्य कुंभ के प्रदेश सरकार के उददेश्य को साकार करेंगी। ऐसे में मुख्य मार्गो पर जगमग झालर और रंगोली की सजावट सोने पर सुहागा का काम करेगी।

बॉक्स

खुद करना होगा योगदान

यह सजावट खुद लोगों को अपनी ओर से करनी होगी। बताया जा रहा है कि लोग सहर्ष इसके लिए तैयार भी हो गए हैं। सिविल लाइंस के एमजी मार्ग जो पत्थर गिरिजाघर से सीधे सीएमपी तक जाता है और एसपी मार्ग जो सुभाष चौराहे से विवेकानंद चौराहा होकर निकल जाता है। इन दो मार्गो पर अधिक फोकस किया जा रहा है। इसके अलावा संगम की ओर जाने वाले कुल एक दर्जन मार्गो को भी इस अपील में शामिल किया गया है।

Posted By: Inextlive