-16 मई को कौशांबी से आते समय दुर्घटना में हुए थे घायल, शुक्रवार को हुई मौत

ALLAHABAD: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रयाग के विभाग शारीरिक शिक्षण प्रमुख एवं संघ परिवार के सक्रिय सदस्य निखिल जायसवाल के आकस्मिक निधन की जानकारी होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार की शाम कटरा स्थित आवास पर पहुंचे। जहां उन्होंने शारीरिक शिक्षण प्रमुख के परिजनों से मुलाकात कर ढांढस बंधाने के साथ ही दुख की इस घड़ी में हर संभव मदद का आश्वासन दिया। इस दौरान डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह, शहरी विकास मंत्री सुरेश खन्ना, नागरिक उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी के साथ ही मेयर अभिलाषा गुप्ता भी मौजूद रहीं।

स्कूटी से लौट रहे थे

कौशाम्बी के मनौरी स्थित विद्यालय में शिक्षक के रूप में कार्यरत निखिल जायसवाल 16 मई को अपनी स्कूटी से कौशाम्बी से इलाहाबाद लौट रहे थे। लौटते समय प्रयाग विभाग शारीरिक शिक्षण प्रमुख निखिल जायसवाल का एक्सीडेंट हो गया था। जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आई थीं। एक निजी चिकित्सालय में इलाज के बाद उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया था। लेकिन वहां भी उनकी हालत में सुधार न होने पर मेदांता अस्पताल ले जाने की तैयारी चल रही थी, तभी शुक्रवार को उनकी मौत हो गई। शुक्रवार को रसूलाबाद घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। निखिल के पिता नागेंद्र जायसवाल राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के काशी प्रांत के सह सेवा प्रमुख और हाईकोर्ट में सहायक रजिस्ट्रार हैं।

Posted By: Inextlive