- विजयादशमी पर निकली शोभा यात्रा में इस बार अधिक कड़ी रही सुरक्षा

GORAKHPUR: विजयादशमी पर परंपरा के अनुसार गोरक्षनाथ मंदिर से मानसरोवर तक शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा की अगुवाई गोरक्षपीठाधीश्वर महंत योगी आदित्यनाथ ने की। हर बार जब वह शोभायात्रा में शामिल होते थे, तब वह सांसद होते थे लेकिन इस बार सीएम हैं। इस कारण अन्य वर्ष की अपेक्षा सुरक्षा भी अधिक कड़ी रही। कमांडो उनकी सुरक्षा में हर पल मुस्तैद दिखे।

अधर्म पर धर्म के विजय का प्रतीक

गोरक्षपीठाधीश्वर व सीएम योगी आदित्यनाथ शोभायात्रा के साथ अंधियारीबाग रामलीला मैदान में पहुंचे। यहां भगवान श्रीराम का राजतिलक कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि विजयादशमी अधर्म पर धर्म का, अन्याय पर न्याय का और नकारात्मक पर सकारात्मक शक्तियों के विजय का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि धर्म-अधर्म, न्याय-अन्याय और सत्य-असत्य के बीच द्वन्द सदैव हमेशा चलता रहा है। यही देवासुर संग्राम है। इसमें विजय हमेशा ही सत्य, धर्म और न्याय को मिलती है।

बुराइयों से लड़ने की प्रेरणा

गोरक्षपीठाधीश्वर ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम, सात्विक, सकारात्मक व रचनात्मक शक्ति के प्रतीक हैं। श्रीराम का व्यक्तित्व सनातन हिन्दू धर्म का प्रतीक है, जो सदैव हमें इन बुराइयों से लड़ने की प्रेरणा देता है। हमें मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के उस आदर्श को अपनाने की जरूरत है जो देश के सभी लोगों को गले लगाए।

गायों की हुई पूजा

विजयादशमी के दिन मंदिर में पूरे दिन धार्मिक कार्यक्रम होते रहे। सुबह 9 बजे महंत व सीएम योगी आदित्यनाथ अपने योगियों और संतों की टोली के साथ श्रीनाथ मंदिर गए, जहां विशेष पूजन व अनुष्ठान का आयोजन हुआ। मन्दिर में सभी देवी-देवताओं और गायों की पूजा परंपरागत रूप से की गई। दोपहर लगभग 1 बजे योगी आदित्यनाथ अपने राज सिंहासन पर विराजमान हुए। जहां शाम 3 बजे तक शिष्यों और स्थानीय भक्तों द्वारा तिलकोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शाम 4 बजे गोरखनाथ मन्दिर में भव्य शोभा-यात्रा प्रारम्भ हुई जो लगभग 6 बजे मानसरोवर पहुंची। विजय शोभा-यात्रा में सन्तों, कार्यकत्र्ताओं व श्रद्धालुओं के हाथ में नाद, ध्वज, दण्ड, परंपरागत अस्त्र-शस्त्र भी मौजूद थे। शाम को शोभायात्रा मंदिर आने के बाद गोरखनाथ मन्दिर में सन्तों, ब्राह्माणों, निर्धन-नारायण व सामान्य जन का वृहद सहभोज भंडारे का आयोजन किया गया।

Posted By: Inextlive