-निरंतर चलता रहेगा जल-जीवन-हरियाली अभियान

-गांधी मैदान में आयोजित मानव श्रृंखला में शामिल हुए मुख्यमंत्री

PATNA: जल-जीवन-हरियाली अभियान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रविवार को गांधी मैदान में आयोजित मानव श्रृंखला में शामिल हुए। मानव श्रृंखला के समापन के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण से जुड़े मुद्दे पर वह किसी तरह का समझौता नहीं करेंगे। जल-जीवन-हरियाली अभियान निरंतर चलता रहेगा तभी लोगों में जागरुकता रहेगी। यह खुशी की बात है कि पर्यावरण संरक्षण को लेकर बिहार के लोग अब सजग हो रहे हैं। उनकी जागरूकता बड़ी बात है। हरियाली बढ़ेगी तब बिहार में पर्यावरण संतुलित रहेगा और इससे आने वाली पीढ़ी का जीवन सुरक्षित रहेगा।

प्रसन्न होते हैं संरक्षण की बात सुन

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान की यात्रा में उन्होंने यह देखा कि लोग पर्यावरण संरक्षण की बात सुन प्रसन्न होते हैं। पिछले कुछ महीने से हमलोग लगातार इस पर चर्चा कर रहे हैं। जल और हरियाली के बगैर जीवन नहीं है। हमलोगों ने कार्ययोजना बनाई है। उस पर मिशन मोड में काम हो रहा है।

जागृति बिना संरक्षण संभव नहीं

मुख्यमंत्री ने कहा कि आम लोगों की जागरूकता से ही पर्यावरण संरक्षण कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने 2019 के मानसून का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जुलाई में पहले किस तरह से भीषण बारिश हुई और फिर सूखे की स्थिति उत्पन्न हो गई। सितंबर में पुन: जबर्दस्त बारिश की वजह से परेशानी हुई। बिहार के कई हिस्सों में पिछले वर्ष भूजल स्तर में गिरावट आई। हाल यह रहा कि उत्तर बिहार में भूजल स्तर गिरा। जरूरत जल संरक्षण की है। रेनवाटर हार्वेस्टिंग की योजनाएं शुरू हुई है। बाढ़ के समय हम गंगा के पानी को राजगीर और बोधगया ले जाकर संरक्षित करेंगे। फसल चक्र में परिवर्तन की बात शुरू हुई है। हरित आवरण को बढ़ाने के उद्देश्य से सरकार 8.5 करोड़ पौधरोपण करेगी।

Posted By: Inextlive