- सीएम ने शुक्रवार को जारी किया त्रिवेंद्र सिंह रावत मोबाइल एप- एप को गुगल प्ले स्टोर से करें डाउनलोड

DEHRADUN: राज्य की जनता अब अपने स्मार्टफोन के जरिए मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत से सीधे जुड़ सकती है। हालांकि इससे पहले भी सीएम सोशल मीडिया के जरिए सीधे जनता से जुड़े हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री ने त्रिवेंद्र सिंह रावत मोबाइल एप लांच किया। इस मोबाइल एप को एंड्रायड मोबाइल फोन में गुगल प्ले स्टोर तथा आई फोन में एप्पल स्टोर में जाकर त्रिवेंद्र सिंह रावत टाइप करके डाउनलोड किया जा सकता है.

 

हिंदी व अंग्रेजी दोनों भाषाएं मौजूद

बताया गया है कि एप के कंटेंट हिन्दी और अंग्रेजी दोनों ही भाषाओं में उपलब्ध हैं। एप जनता से सीधा संवाद स्थापित करने, जन शिकायतों को सुनने व उनके त्वरित निस्तारण में मददगार साबित होगा। एप पर आने वाली जनशिकायतों का संज्ञान लेकर उनका त्वरित निस्तारण किया जायेगा। एप के माध्यम से देश के किसी भी कोने से सीधे मुख्यमंत्री से जुड़ा जा सकेगा। शिकायतें व सुझाव सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय तक भेज सकते हैं। एप के जरिए समाधान पोर्टल पर भी शिकायतें और सुझाव दर्ज किए जा सकते हैं।

 

 

:::क्या हैं एप की खासियतें:::

- एप के जरिए उलराखंड सरकार से संबंधित सभी खबरों को एक क्लिक में पढ़ें या वीडियो देख सकते हैं।

- सरकार की योजनाओं की जानकारी, उनकी प्रगति व नए प्रयासों के बारे में भी एप से मिलेगी जानकारी।

- एप पर मुख्यमंत्री द्वारा किए गए ट्वीट भी देखे जा सकते हैं।

- एप पर सभी जिलों के डीएम, एसएसपी व एसपी के फोन नंबर रहेंगे मौजूद।

- जरूरत पड़ने पर जनता सीधे संबंधित अधिकारियों से कर सकती है संपर्क।

- युवा वर्ग सीधे तौर पर एप के जरिए मुख्यमंत्री से जुड़ सकते हैं।

- मुख्यमंत्री की रोजाना विजिट व कार्यक्रमों की जानकारी भी एप पर रहेगी अपडेट।

- एप से अपने आसपास व क्षेत्र की किसी भी घटना व प्रोग्राम की सूचना मुख्यमंत्री कार्यालय को भेज सकते हैं।

- सीएम को भरोसा, एप से सरकार व जनता के बीच होगा बेहतर संवाद।

Posted By: Inextlive