आगरा। जो काम आज तक किसी बीजेपी के सीएम ने नहीं किया, वो मौजूदा सीएम योगी आदित्यनाथ ने कर डाला। हिन्दुत्व की कट्टर छवि रखने वाले सूबे के 'सरताज' जब ताजमहल आए तो सबका साथ संकल्पना वाले उदार हृदय नजर अवतार में दिखे।

योगी करीब एक घंटे ताज में रहे और 11 मिनट का समय उन्होंने शाहजहां और बेगम मुमताज के मकबरे में बिताया।

विवादों को किया क्लीन बोल्ड

अक्सर अपने बयानों के चलते सुर्खियों में रहने वाले सीएम योगी आदित्यनाथ ने सही समय पर ताज का दौरा कर एक जरूरत से ज्यादा बढ़ रहे विवाद पर विराम लगा दिया। पिछले दिनों जिस तरह से खुद सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि 'ताजमहल भारतीय संस्कृति का प्रतीक नहीं'। इसके बाद यूपी सरकार की टूरिज्म बुकलेट से इसे हटाए जाने की खबरें भी आईं। फिर बीजेपी विधायक संगीत सोम ने इसे 'भारतीय इतिहास पर धब्बा' करार दे दिया था। इस बीच बीजेपी के राज्यसभा सांसद विनय कटियार ने ताजमहल को 'तेजो महालय' कहकर इस विवाद को और हवा दे दी थी। इन तमाम विवादों पर पूरे देश से तीखी प्रतिक्रिया आई लेकिन योगी ने ताज महल में सारा विवाद दफ्न कर दिया

मकबरे में गए भगवाधारी

योगी ने ताज में पहुंचकर वहां के एक-एक हिस्से का दौरा किया। उनके साथ मौजूद एएसआई के अधिकारियों के साथ कई सवाल भी किए। हालांकि ताज में प्रवेश से पहले एएसआई की टीम ने उन्हें ताज के बारे एक प्रेजेंन्टेशन भी दे चुके थे। योगी मकबरे में भी गए, जहां उन्होंने 11 मिनट का समय बिताया।

तेजोमहालय विवाद पर दिखाया संयम

ताजमहल या तेजोमहालय, इस सवाल पर सूबे के सीएम ने संयम के साथ जवाब देते हुए कहा भारत के मजदूरों ने अपने खून-पसीने से ताजमहल को बनाया था। हम इसके संरक्षण का उपाय करेंगे।

सेल्फी विद फैंस

कड़ी सुरक्षा के बीच योगी ने अपने फैंस को भी निराश नहीं किया। उन्होंने विदेशी पर्यटकों के साथ न केवल फोटो खिचवाएं बल्कि कुछ लोगों के साथ तो सेल्फी भी ली।

शाहजहां-मुमताज की लव स्टोरी देखी

अंत में सीएम योगी आदित्यनाथ ने सिटी के कलाकृति ऑडिटोरियम में 'मोहब्बत-द ताज' शो देखा। इस शो में उन्होंने शाहजहां-मुमताज की लव स्टोरी को जाना।

Posted By: Inextlive