-श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर भक्ति में डूबे मुख्यमंत्री

-जन्मभूमि का वैभव बढ़ता रहेगा: आदित्यनाथ

मथुरा। ब्रज की आबोहवा में घुली फाग महोत्सव की मस्ती। प्रेम, उमंग, उल्लास के रंगों से सराबोर होती ब्रज की होरी(होली)। योगीराज के जन्मस्थान पर मंगलवार को पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्रद्धावनत तो हुए ही, पिचकारी और अबीर-गुलाल देख खुद को न रोक सके। सोने-चांदी की पिचकारी से योगी ने योगीराज संग रंग की होली खेली।

जन्मभूमि पहुंचे सीएम

बरसाना से आकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंचे। मुख्यमंत्री ने केशवदेव, श्रीगर्भगृह, भागवत भवन में श्रीराधाकृष्ण के दर्शन किए। मुख्यमंत्री ने केशवदेव मंदिर और भागवत भवन में ठाकुरजी के साथ होली खेली। दरअसल, फाग महोत्सव को देखते हुए मंदिर में सोने-चांदी की पिचकारी ठाकुर जी के लिए रखी है। अबीर-गुलाल भी रखा है। मुख्यमंत्री खुद को नहीं रोक सके। पिचकारी में रंग भरकर ठाकुरजी पर रंग की प्रतीकात्मक बौछार की। इसके बाद भक्तों पर भी रंग डाला।

केशव वाटिका भी देखी

पिछले साल जन्माष्टमी 23 वषरें बाद आम श्रद्धालुओं के लिए खोली गई केशव वाटिका का भी अवलोकन कर प्रसन्नता जताई। यह प्रसन्नता उनके चेहरे पर झलक रही थी। कहा कि भगवान की जन्मभूमि का वैभव बढ़ता रहेगा। मुख्यमंत्री का यह संकेत भविष्य की योजनाओं के लिए लगाया जा रहा है। इससे पूर्व जन्मस्थान पहुंचने पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि न्यास के सचिव कपिल शर्मा, सदस्य गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी, डॉ। चंद्रभान गुप्ता ने दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। साधु-संतों की संकीर्तन मंडली ने झांज, मजीरे से मुख्यमंत्री की अगवानी की।

Posted By: Inextlive