मंगलपांडेय नगर और अजंता कालोनी में चला डेयरी हटाओ अभियान

डेयरियां खाली करने के लिए निगम ने दिया दो दिन का अल्टीमेटम

पॉलीथिन पकड़ों और नाला सफाई अभियान भी चलाया गया

Meerut। एक माह के अंतराल के बाद एक बार फिर नगर निगम ने शहर की डेयरियों की सुध लेते हुए सोमवार से वार्ड वार डेयरी हटाने का अभियान शुरू कर दिया। इस बार निगम ने समय की बचत करने के उद्देश्य से डेयरी के साथ पॉलीथिन और नाला सफाई अभियान को साथ में शुरू कर दिया है। इस क्रम में सोमवार को गढ़ रोड पर मंगलपांडेय नगर, डिग्गी कालोनी, अजंता कालोनी और दामोदर कालोनी में अभियान चलाया गया।

पार्को में बनी अवैध डेयरियों के कब्जे

अभियान की शुरुआत करते हुए सेनेट्री ऑफिसर अरुण खरखौदिया ने मंगलपांडेय नगर और डिग्गी गांव से अवैध डेयरियों को हटाया। इस दौरान मंगलपांडेय नगर में सद्भावना पार्क में बनी दो बड़ी डेयरियों को जेसीबी से हटाया गया। क्षेत्र के लोगों ने विरोध किया लेकिन पार्क से डेयरियां हटा दी गई। इसके बाद क्षेत्र में 7 से अधिक डेयरी संचालकों के 40 पशुओं को कालोनी से बाहर भेजा गया। अभियान के दौरान डेयरी संचालकों की मांग पर डेयरी खाली करने के लिए दो दिन का समय दिया गया है।

20 किलो से अधिक पॉलीथिन पकड़ी

अजंता कालोनी में भी डेयरी और पॉलीथिन के खिलाफ अभियान को चलाया गया। अभियान के दौरान निगम की टीम ने अजंता कालोनी में दो दुकानों पर छापा मारकर 20 किलो से अधिक पॉलीथिन जब्त करते हुए दो हजार रुपये का जुर्माना वसूला। अभियान के दौरान कई दुकानों समेत डेयरियों की जांच की गई। साथ ही व्यापारियों को पॉलीथिन में सामान न देने की चेतावनी दी गई।

आधा दर्जन से अधिक नाले साफ

अभियान के तीसरे चरण में जेल रोड, घोसीपुर, कमेला, फूलबाग और मोहनपुरी में नालों की सफाई की गई। इस दौरान कई जगह नालों की सफाई के दौरान जेसीबी के लिए नाले की दीवार तोड़कर रास्ता बनाया गया। नालों की सफाई का अभियान देर शाम तक जारी रहा।

सोमवार से पॉलीथिन, डेयरी और नालों की सफाई का अभियान शुरू किया गया है। पहले दिन 40 से 45 पशु कॉलोनियों से हटाए गए। कुछ डेयरियों को हटाने के साथ ही बाकि डेयरियों को दो दिन का समय दिया गया है।

अरुण खरखौदिया, जोनल सेनेट्री ऑफिसर

Posted By: Inextlive