- पटना में न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा

PATNA :

सोमवार को पटना में दिन भर हड्डी कपंा देने वाली ठंड का एहसास हुआ। पूरे सीजन में यह पहला मौका है जब न्यूनतम तापमान लगातार आठ से दस घंटे तक स्थित रहा। यानि कोई बढ़ोतरी दर्ज नहीं हुई। इस वजह से पार्को, होटलों और सार्वजनिक स्थानों पर चहल-पहल बहुत कम दिखी। लोग गर्म कपड़ों के साथ ठंड से बचने के लिए विशेष सावधानी बरत रहे हैं। सोमवार को पटना का न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि अधिकतम तापमान 14 डिग्री के करीब रहा। इस प्रकार पूरा दिन कोल्ड डे की चपेट में रहा। हालांकि शाम में ठंड का असर ज्यादा महसूस किया गया। इस दौरान हवा में आद्रता की मात्रा 92 प्रतिशत रिकार्ड की गई। उधर, वेस्टर्न डिस्टर्बेस का जबरदस्त असर और उत्तर भारत में पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर भी है।

18 से फिर मौसम बदलेगा

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अुनसार मकर संक्रांति यानि 14 जनवरी का दिन सामान्य रहेगा। कोहरे का असर रहेगा। हालांकि आसमान साफ रहने और बारिश नहीं होने की संभावना है। उधर, वेस्टर्न डिस्टर्बेस का असर एक बार फिर 18 जनवरी से दिखेगा। 14 जनवरी के बाद मौसम थोड़ा सामान्य हो सकता है और भीषण ठंड में थोड़ी कमी हो सकती है। सोमवार का पटना समेत भागलपुर एवं पूर्णिया में भी ठंड का कहर जारी रहा। वातावरण में आगे भी नमी बने रहने की उम्मीद है। सोमवार की सुबह वातावरण में कोहरा फैला हुआ था, लेकिन दिन चढ़ने के साथ-साथ कोहरा छंटता गया।

कई फ्लाइटें लेट

सोमवार को भी फ्लाइट लेट होने का सिलसिला जारी रहा। कोलकाता, दिल्ली और रांची की फ्लाइट आधे से एक घंटे तक लेट रही। बंगलुरु की फ्लाइट भी आधे घंटे लेट रही। वहीं, पटना एयरपोर्ट पर बने वेटिंग रुम में लोग बहुत कम ही दिखे। ओपन एरिया में बने इस टेंट की बजाय लोग टर्मिनल पर ही वेट करते रहे।

Posted By: Inextlive