- छह महीने पहले हुआ था विवाद के बाद समझौता

- जंगला गिराने के आरोप पर हंगामा, सड़क पर जाम

आगरा। थाना शाहगंज एरिया स्थित पीएनटी कॉलोनी धार्मिक स्थल पर निर्माण को लेकर दो समुदायों में ठनी हुई है। सोमवार सुबह जंगला गिराने का आरोप लगा कर गैर समुदाय लोगों ने खेरिया मोड़ रोड पर हंगामा कर दिया। नारेबाजी कर जाम लगा दिया। मामला साम्प्रदायिक होता देख कई थानों का फोर्स पहुंच गया। सड़क से भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठियां फटकारनी पड़ीं। तनाव को देखते हुए मौके पर फोर्स तैनात कर दिया गया।

6 महीने पहले भी हुआ था विवाद

गैर समुदाय के लोगों ने बताया कि छह महीने पहले निर्माण कार्य को लेकर क्षेत्रीय लोगों ने विरोध किया था। उस दौरान धार्मिक स्थल पर गेट बनाया जा रहा था। तब मामला चौकी में चला गया। बाद में समझौता हो गया। इसके बाद धार्मिक स्थल के पास वाली जमीन खरीद ली गई। अब उस पर निर्माण कार्य चल रहा है। सुबह गैर समुदाय लोगों ने क्षेत्रीय लोगों पर जंगला सहित दीवार गिराने का आरोप लगाया। इस पर दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए। साम्प्रदायिक तनाव फैल गया।

सड़क पर उतरे लोग

तनाव की सूचना पर थाना शाहगंज का फोर्स मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने पीएनटी कॉलोनी जाकर स्थिति पर नियंत्रण किया। यहां से गैर समुदाय लोग एकजुट हो गए। दोपहर 12 बजे लोग खेरिया मोड़ रोड पर पहुंच गए। जाम लगा दिया। हंगामा करने लगे। जमकर नारेबाजी की। पास ही पेट्रोल पम्प है। वाहनों की लम्बी लाइन लग गई। हंगामा देख दुकानदार दहशत में आ गए। दुकानों के शटर गिर गए। कई दुकानदारों ने खुद को दुकानों में कैद कर लिया। सीओ लोहामंडी श्यामकांत के अलावा थाना शाहगंज, रकाबगंज, सदर, लोहामंडी का फोर्स पहुंच गया।

पुलिस ने फटकारी लाठी

पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। भीड़ में शामिल युवक नहीं मान रहे थे। हटाने के बाद भी बार-बार सड़क पर पहुंच जाते। जाम लगाने का प्रयास करते। पुलिस को भीड़ हटाने के लिए लाठी फटकारनी पड़ी। एक बजे तक स्थिति सामान्य हो सकी, लेकिन मौके पर दहशत बनी रही। खेरिया मोड़ व धार्मिक स्थल पर भारी संख्या में फोर्स तैनात किया गया। गैर समुदाय के धार्मिक स्थल के पास क्षेत्रीय लोगों का एक धार्मिक आयोजन भी था। दोपहर में एसपी सिटी सुशील घुले मौके पर पहुंच गए।

Posted By: Inextlive