गोबर चौकी में मंदिर पर दो समुदाय आमने-सामने आए

पुलिस ने तीन लोगों को लिया हिरासत में, फिलहाल शांति

आगरा। थाना ताजगंज एरिया गोबर चौकी में बुधवार की दोपहर बवाल हो गया। दो पक्ष मामूली विवाद को लेकिर भिड़ गए। छत और सड़क से पथराव शुरु हो गया। इस दौरान किसी ने पुलिस को मंदिर में पथराव की सूचना दे दी। इस पर एएसपी श्लोक कुमार सहित कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया। मामला आपसी विवाद का निकला।

दोपहर में मच गई अफरातफरी

जौहरी बाग, तुलसी नगर में इदरीश पुत्र मकबूल की बेकरी है। इदरीश के मुताबिक वह 20 साल से काम कर रहा है। वह मूल रूप से गुरसहाय गंज का रहने वाला है। मंगलवार की शाम को वहीं पर रहने वाले बिल्लू और राजा एक अन्य साथी के साथ चाऊमीन की ठेल पर खड़े थे। उस दौरान इदरीश की बेकरी से शकील माल लेकर जा रहा था। रास्ते में उसने बिल्लू से जगह मांगी तो उनमें विवाद हो गया। उसकी बाइक की चाबी घुमा दी। बुधवार दोपहर दो बजे करीब बिल्लू पक्ष के लोग बेकरी पर पहुंच गए। इदरीश के यहां पर कर्मचारी थे। भीड़ को देख कर इदरीश पक्ष के लोग छत पर चले गए। इसके बाद दोनों तरफ से पथराव शुरु हो गया। पत्थर चलते ही इलाके में दहशत फैल गई। सड़क पर चलने वाले इधर-उधर भागने लगे। लोगों ने दरवाजे बंद कर लिए और घरों में कैद हो गए। राहगीरों में कुछ घायल हो गए।

फोर्स पहुंचने से पहले भागे पत्थरबाज

आधा घंटे तक तेज पथराव चलता रहा। मौके पर कई थानों का फोर्स पहुंचा लेकिन तब तक लोग मौके से निकल गए। पुलिस ने रास्ते में पड़े पत्थर हटा दिए। मौके पर कोई मंदिर नहीं था। मंदिर वहां से दूर था। किसी ने पुलिस को गलत सूचना दी। यहां पर मिश्रित आबादी रहती है। पुलिस ने इदरीश से बात की। इदरीश ने साफ तौर पर बिल्लू व राजा पर पथराव के आरोप लगाए। साथ ही अपने कर्मचारियों के घायल होने की बात कही।

इतने लोग हुए घायल

पथराव के दौरान सुमित पुत्र छोटे लाल गुजर रहा था। एक ईट उसके हाथ पर आकर लगी। वह लहूलुहान हो गया। छोटे लाल के मुताबिक बेटे के नौ टांके आए हैं। इदरीश के मुताबिक उसके कर्मचारी खलील, जाफर, गुलाम बारिश घायल हुए हैं। कुछ एक राहगीर हल्के चोटिल हुए। पुलिस ने मामले में दोनों पक्ष से राजा, बिल्लू व शकील को पकड़ा है।

हम तो बच गए बस

जिस दौरान पथराव हुआ उस दौरान आस पास के मकानों में भी ईटे गई। वहीं पर विजय सिंह का मकान है। विजय सिंह की पत्‍‌नी ऊषा, बेटा अभिषेक व उसकी पत्‍‌नी सरिता एक आठ महीने की बेटी व ऊषा की दो बेटियां अंजली और पूजा वहां पर मौजूद थी। अचानक घर में ईटे आई तो परिवार घबरा गया। सभी ने बचने के लिए दौड़ लगा दी। आठ महीने की मासूम वहीं पर थी परिजन किसी तरह उसे उठा कर कमरे में ले गए।

नहीं रहने देंगे बेकरी

एरिया के लोगों ने बताया कि यह कोई पहली बार नहीं है। पहले भी यहां पर विवाद होते चले आ रहे हैं। पथराव बेकरी की तरफ से अधिक हो रहा था। लोगों का कहना था कि बेकरी पर बाहर से लड़के काम करने आते हैं। वह यहां की लड़कियों को बरगला कर अपने साथ ले जाते हैं। ऐसे दो से तीन मामले हो चुके हैं। लोगों का कहना था कि बेकरी से एरिया का माहौल खराब हो रहा है। वह अधिकारियों से बेकरी हटाने की बात करेंगे।

Posted By: Inextlive