- पिठोरिया से कलेक्शन के पैसे लेकर रांची लौट रहे थे अभिषेक कुमार

-कांके में बाइक से आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने घटना को दिया अंजाम

-23 दिन पहले ही ज्वाइन किया था माइक्रोफाइनांस कंपनी

- सदर डीएसपी कर रहे हैं मामले की छानबीन

RANCHI: गुरुवार को कांके थाना क्षेत्र के लॉ कॉलेज के पास माइक्रोफाइनांस कंपनी के कर्मचारी अभिषेक कुमार की हत्या कर बदमाशों ने एक लाख रुपए लूट लिये। अभिषेक दोस्त दीपक के साथ कलेक्शन के पैसे लेकर पिठोरिया से रांची लौट रहे थे। जैसे ही लॉ कॉलेज के समीप पहुंचे। पीछे से एक बाइक सवार ने ओवरटेक किया और अभिषेक को गोली मार दी। इससे अभिषेक कुमार की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। इस बाबत ग्रामीण एसपी राजकुमार लकड़ा ने बताया कि घटना को एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने अंजाम दिया है। सभी के चेहरे ढके हुए थे।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही कांके थाना प्रभारी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस को आशंका है कि हमलावर पिठोरिया इलाके का ही रहा होगा, जिसने पहले अभिषेक की रेकी की और मौका मिलते ही फायर कर दिया। पुलिस अपराधियों की तलाश में जुट गई है। वहीं, पुलिस रास्ते में लगाए गए सीसीटीवी से अपराधियों की पहचान करने में जुटी है।

घाटशिला निवासी था अभिषेक

सदर डीएसपी ने बताया कि अभिषेक कुमार घाटशिला का रहनेवाला था। वह ख्फ् दिन पहले ही माइक्रोफाइनांस कंपनी से जुड़ा था। उसके दोस्त रातू के रहनेवाले दीपक कुमार ने बताया कि वे लोग कंपनी का कलेक्शन लेकर पिठोरिया से वापस आ रहे थे। वह बाइक चला रहा था, जबकि अभिषेक पैसे का बैग लेकर बैठा हुआ था। रास्ते में एक काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार तीन लोगों ने उसका पीछा किया। लॉ कॉलेज के समीप ओवरटेक कर उनलोगों ने अभिषेक कुमार को गोली मार दी और बैग लूटकर फरार हो गए।

Posted By: Inextlive