वर्तमान उपाध्यक्ष के विरोध में कैंट बोर्ड के सात सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस जारी किया

विपिन सोढ़ी के पक्ष में बढ़ रही अगले उपाध्यक्ष पद पर उम्मीदवार की दावेदारी

Meerut। चार साल से कैंट बोर्ड के उपाध्यक्ष का पद संभाल रही बीना वाधवा के पद पर खतरा मंडराने लगा है। उपाध्यक्ष बीना वाधवा के खिलाफ कैंट बोर्ड के सात अन्य सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस जारी किया है। इस मामले में अब कैंट बोर्ड सदस्यों ने आपात बोर्ड बैठक बुलाकर अविश्वास प्रस्ताव के आगे की प्रक्रिया को पूरा करने की मांग की है। संभवता गुरुवार को बोर्ड बैठक का आयोजन कर इस संबंध में निर्णय लिया जाएगा।

भाजपा खेमे ने किया विरोध

कैंट बोर्ड में अब राजनीति हावी हो चुकी है। जिसके चलते कैंट बोर्ड के उपाध्यक्ष पद पर बदलाव का प्रयास किया जा रहा है। कैंट बोर्ड के बदले समीकरणों के हिसाब से आठ में से 6 सदस्य भाजपा के हैं और उपाध्यक्ष समेत एक सदस्य निर्दलीय है। बीना वाधवा को पति सुनील वाधवा के कारण बसपा से जोड़ा जाता है। उनके पति पूर्व उपाध्यक्ष सुनील वाधवा दो बार बसपा से कैंट विधानसभा का चुनाव लड़ चुके हैं। ऐसे में अब भाजपा खेमे में अपनी पार्टी के सदस्य को उपाध्यक्ष पद पर बैठना की होड़ लग गई है। इसी के चलते भाजपा सदस्यों द्वारा अविश्वस प्रस्ताव लाया गया है।

आज होगा बोर्ड बैठक में निर्णय

कैंट बोर्ड सदस्य विपिन सोढ़ी, रिनी जैन, नीरज राठौर, अनिल जैन, मंजू गोयल, धमर्ेंद्र सोनकर और बुशरा कमाल द्वारा बीना वाधवा के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया है। बीना वाधवा की खास कही जाने वाली बुशरा कमाल के भी भाजपा सदस्यों द्वारा प्रस्तुत अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन करने से उपाध्यक्ष बीना वाधवा फिलहाल अकेली पड़ती दिख रही हैं। ऐसे में अब बोर्ड बैठक में होने वाला निर्णय बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा।

बोर्ड द्वारा जो निर्णय लिया जाएगा वह मान्य होगा। हमने राजनीति से अधिक जनता के लिए विकास कार्यो पर ध्यान दिया है।

बीना वाधवा, उपाध्यक्ष, कैंट बोर्ड

Posted By: Inextlive