- हल्द्वानी से कांग्रेस ने शुरू की पदयात्रा

- रामलीला मैदान में कांग्रेसियों ने खोला प्रदेश व केंद्र सरकार का मोर्चा

हल्द्वानी : कांग्रेस ने बुधवार को हल्द्वानी में प्रदेश स्तरीय लालटेन पदयात्रा निकाली। हाथ में लालटेन लिए कांग्रेसी एमबी इंटर कॉलेज से रामलीला मैदान तक पहुंचे। इस बीच कहा कि पिछले तीन साल में सरकार ने विकास का जो दावा किया था। उसे दिन के उजियारे में लालटेन लेकर ढूंढ़ने निकले हैं, लेकिन विकास कहीं दिखा नहीं। रामलीला मैदान में नेताओं ने प्रदेश से लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। इस बीच कांग्रेस के सभी प्रदेश स्तरीय नेता मंच पर एक साथ लालटेन लेकर दिखे।

नशे में डुबाना चाहती है सरकार

लालटेन पदयात्रा को लेकर नेता प्रतिपक्ष डॉ। इंदिरा हृदयेश के नेतृत्व में 15 दिनों से तैयारी चल रही थी। बुधवार सुबह एमबी इंटर कॉलेज में कुमाऊं भर के पदाधिकारी व कार्यकर्ता जुटे। यहां से नैनीताल रोड होते हुए पदयात्रा रामलीला मैदान पहुंची। इस बीच पूर्व सीएम व राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत ने कहा कि राज्य में विकास कहीं नहीं दिख रहा। सीएम अपनी विधानसभा के गन्ना किसानों तक का भुगतान नहीं करा पा रहे। सड़कों का हाल खराब है। प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस लगातार सड़कों पर उतर रही है। जनता ने सत्ता परिवर्तन का मन बना लिया है। कमजोर की आवाज उठाकर ही कांग्रेस सत्ता में स्थापित होगी। नेता प्रतिपक्ष डॉ। इंदिरा हृदयेश ने कहा कि प्रदेश के युवाओं और बच्चों को नशे में डुबोने के इरादे से शराब सस्ती की गई है। मगर रोजगार, गरीब की शिक्षा और स्वास्थ्य से सरकार को कोई मतलब नहीं है। मजबूत विपक्ष के नाते हर मोर्चे पर सरकार को घेरा जाएगा। इस दौरान पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, जसपुर विधायक आदेश चौहान, पूर्व विधायक राजकुमार, मदन बिष्ट, सरिता आर्य, पूर्व मंत्री तिलकराज बेहड़, पूर्व सांसद केसी सिंह बाबा, महेंद्र पाल सिंह भी मौजूद रहे।

Posted By: Inextlive