यूपी में 2022 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस नेतृत्व पार्टी को जमीनी ताैर पर मजबूत कर रहा है। कांग्रेस ने सोमवार को सात जिलों के जिला अध्यक्षों नियुक्ति की है। इसमें कानपुर नगर ग्रामीण के लिए अमित कुमार पांडेय और उन्नाव के लिए आरती बाजपेयी का नाम शामिल हुआ है।


लखनऊ (एएनआई)। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए सभी राजनीतिक दल जनता के बीच अपनी पैठ को मजबूत करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने पार्टी को फिर मजबूत करना शुरू कर दिया है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने सोमवार को उत्तर प्रदेश में जिला कांग्रेस समितियों के लिए सात नए अध्यक्षों की नियुक्ति की। देवरिया, महाराजगंज, जालौन, कानपुर नगर ग्रामीण, उन्नाव, बुलंदशहर और लखनऊ शहर (दक्षिण) जिलों / शहरों में नए जिला इकाई अध्यक्ष नियुक्त किए गए।

कानपुर नगर ग्रामीण के लिए अमित कुमार पांडेय चुने गए
अखिल भारतीय कांग्रेस समिति का कहना है कि कांग्रेस अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश में सात जिला / शहर कांग्रेस समितियों के अध्यक्षों की नियुक्ति के प्रस्ताव को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दी है। इसमें रामजी गिरी देवरिया जिले के अध्यक्ष, महाराजगंज के लिए शरद सिंह बबलू, जालौन के लिए राजीव नारायण मिश्रा, कानपुर नगर ग्रामीण के लिए अमित कुमार पांडेय, उन्नाव में आरती बाजपेयी, बुलंदशहर के लिए गोपाल सिंह और लखनऊ शहर (दक्षिण) के लिए दिलप्रीत सिंह नियुक्त हुए हैं।

Posted By: Shweta Mishra