---जन आक्रोश रैली में कांग्रेस ने लगाई वादों की झड़ी

- निशाने पर रहे रघुवर दास, आरपीएन ने कहा, बेइमानों के हैं खास

रांची : विधानसभा चुनाव की घोषणा होने से ठीक पहले कांग्रेस ने जनता से कई लुभावने वादे किए हैं। बुधवार को रांची के विधानसभा मैदान में आयोजित दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडलीय जन आक्रोश रैली में पार्टी के दिग्गज नेताओं ने वादों की झड़ी लगा दी। किसानों की कर्ज माफी से लेकर हर घर को नौकरी देने, नौकरी नहीं देने पर भत्ता देने जैसे लोक-लुभावन वादे किए गए। यह बताने का प्रयास भी किया गया कि वर्तमान सरकार की नीतियों के कारण जनता में आक्रोश है। आदिवासी नेताओं ने सीएनटी और भूमि अधिग्रहण कानून का मामला उठाते हुए आदिवासियों में आक्रोश होने की बात कही।

नौकरी नहीं तो भत्ता

रैली में प्रदेश नेताओं के वादों का समर्थन करते हुए पार्टी के प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह ने कहा कि कांग्रेस गठबंधन की सरकार बनने पर हर घर को नौकरी नहीं तो भत्ता दिया जाएगा। उन्होंने वर्तमान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस सरकार के मंत्री ही सरकार पर घोटालों के आरोप लगाते हैं। कहा, मुख्यमंत्री रघुवर दास, बेइमानों के खास हैं। अपने जन आशीर्वाद यात्रा में कांग्रेस के विरुद्ध भद्दी-भद्दी बातें करते हैं और उनके ही राज्य छत्तीसगढ़ के एक विधायक ऐसा कर छत्तीसगढ़ को बदनाम नहीं करने की नसीहत देते हैं। सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री जनता के समक्ष आशीर्वाद लेने जाते हैं या कांग्रेस को गालियां देने जाते हैं? कार्यकर्ताओं से वर्तमान सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान करते हुए कहा भाजपा झारखंड में 65 पार का नारा दे रही है, लेकिन यहां की जनता महाराष्ट्र और हरियाणा की तरह 25 के पार नहीं होने देगी।

किसानों का कर्ज माफ

इससे पहले, प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव ने सरकार बनने पर किसानों का कर्ज माफ करने, छह माह में सभी रिक्त पदों को भरने, नियमित छात्रवृत्ति देने तथा भ्रष्टाचार रहित शासन देने का वादा किया। उन्होंने गांवों में टूटी-फूटी सड़कों, नदारद बिजली तथा पानी नहीं होने का हवाला देते हुए कहा कि इससे जनता में सरकार के प्रति आक्रोश है। सीएनटी को खत्म करने के प्रयास से आदिवासियों में रोष है। कहा, सरकार भ्रष्टाचार पर जीरो टोलरेंस की बात करती है, जबकि कोई कार्यालय ऐसा नहीं है जहां घूसखोरी नहीं है। उरांव ने गिरिडीह में मुख्यमंत्री की जन आशीर्वाद यात्रा में बच्चों को खड़ा किए जाने पर सवाल उठाया।

और मजबूती के साथ काम करेगी कांग्रेस: आदित्य

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव अदित्य विक्रम जायसवाल अपने सैकड़ों समर्थकों से साथ दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडलीय जन आक्रोश रैली में शामिल हुए। आदित्य विक्रम -नेता नहीं बेटा के बैनर तले अपने समर्थकों के साथ रैली स्थल, विधान सभा मैदान, धुर्वा में पहुचे। उन्होंने कहा कि रांची में कांग्रेस की मजबूती के लिए अब याचना नहीं, रण होगा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत बेकार नहीं होने देंगे और अब और मजबूती के साथ रांची विधानसभा में कांग्रेस कार्य करेगी।

Posted By: Inextlive