उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश की राजधानी लखनऊ में विरोध किया। उसने कहा कि यूपी सरकार लोगों की समस्याओं से बेखबर हो गई है।


लखनऊ (एएनआई)। उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन कांग्रेस नेताओं ने महंगाई, कोविड-19 मौतों के विरोध और महिला सुरक्षा के मुद्दे पर गांधी प्रतिमा से राज्य विधानसभा तक मार्च निकाला। प्रदर्शन के दाैरान कांग्रेस नेता गले में बैनर लटकाए पैदल चलते दिखाई दिए। इस संबंध में न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए, कांग्रेस विधायक, आराधना मिश्रा ने कहा, राज्य सरकार ने आम लोगों के मुद्दों पर ध्यान नहीं दिया है। अगर लोग महंगाई, बेरोजगारी के मुद्दों के खिलाफ आवाज उठाते हैं, तो सरकार उनकी संपत्ति जब्त करती है। हम यहां आम लोगों का समर्थन करने के लिए हैं। लोग राज्य सरकार से निराश हैं


उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (UPCC) के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोगों की समस्याओं के प्रति असंवेदनशील हो गए हैं। इससे लोग राज्य सरकार से निराश हैं। अजय कुमार लल्लू ने आगे कहा, हम यहां बेरोजगार युवाओं, किसानों का समर्थन करने के लिए हैं और हम महिलाओं की सुरक्षा और महंगाई पर चर्चा करेंगे। उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र मंगलवार से शुरू हो गया है। योगी सरकार ने बजट पेश किया

वहीं विधानमंडल के मानसून सत्र के दूसरे दिन योगी सरकार ने वित्तीय वर्ष 2021-22 का पहला अनुपूरक बजट विधान मंडल में पेश किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणाओं और अगले छह माह के लिए प्रस्तावित परियोजनाओं को अमली जामा पहनाने के लिए 7301.52 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश हुआ। यह आम बजट का 1.33 प्रतिशत है। इससे पहले मंत्रिपरिषद की बैठक में बजट के प्रस्‍तावों पर मुहर लगी।

Posted By: Shweta Mishra