फोटो

- मारपीट पर उतारू कार्यकर्ताओं को पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने अलग किया

- गोरखपुर से मऊ जा रही थीं रीता, बड़हलगंज में स्वागत के लिए जुटे थे कार्यकर्ता

BADHALGANJ/DERVA:

गोरखपुर से मऊ जा रहीं कांग्रेस की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी के स्वागत के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनमुटाव खुलकर सामने आ गया। दो गुटों में बंटे कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। मुर्दाबाद के भी नारे लगे। हाथापाई तक की नौबत आ गई। रीता बहुगुणा को गाड़ी से उतरना पड़ा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को समझाकर शांत कराया।

पहले किया स्वागत

बड़हलगंज के अंबेडकर तिराहे पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष का जिला सचिव पूनम गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस दौरान जोशी ने कहा कि आगामी विस चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए जी जान से जुट जाएं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का जोश देखकर लग रहा है कि वे तैयारियों में जुट गए हैं। कुछ ही देर के भाषण में उन्होंने नरेन्द्र मोदी पर जमकर प्रहार किया। यहां से थोड़ी दूरी पर ब्लॉक अध्यक्ष अवधेश मणि त्रिपाठी व जिला महासचिव योगेंद्र प्रताप उर्फ बैताली शाही के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।

फिर किया मुर्दाबाद

जिला सचिव पूनम गुप्ता के नेतृत्व में स्वागत के बाद रीता बहुगुणा आगे बढ़ीं। कुछ ही दूरी पर ब्लॉक अध्यक्ष अवधेश मणि व जिला महासचिव योगेंद्र प्रताप शाही थे। ब्लॉक अध्यक्ष के साथ मौजूद कार्यकर्ताओं ने जोशी की गाड़ी पहुंचते ही जिला कमेटी के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। जोशी के साथ मौजूद पीसीसी सदस्य व जिला उपाध्यक्ष मदन त्रिपाठी पर चिल्लूपार में कांग्रेस को कमजोर करने का आरोप लगाया। मदन त्रिपाठी ने इस बात का विरोध किया तो मुर्दाबाद के नारे लगने लगे। नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। गाड़ी में बैठीं रीता बहुगुणा को लगा कि अब मारपीट न हो जाए। इसके बाद वे कार से बाहर आई और खुद बीच-बचाव कर कार्यकर्ताओं को अलग किया। योगेन्द्र और अवधेश को वहां से हटाया। उन्होंने पार्टी के अंदर का मनमुटाव रोड पर न लाने की हिदायत दी। चेतावनी देते हुए मऊ के लिए रवाना हो गई।

Posted By: Inextlive