देर शाम पहुंचे राहुल गांधी का कांग्रेसियों ने किया जोरदार स्वागत

ALLAHABAD: यूपीए की चेयर पर्सन सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को इलाहाबाद में वक्त बिताया। सोनियां गांधी सलवार सूट में स्वराज भवन पहुंचीं और शाम को साड़ी में यहां से दिल्ली रवाना हुई। राहुल गांधी की एक झलक पाने को तमाम लोग लाइन में थे लेकिन चंद लोगों को ही यह मौका नसीब हुआ। देर शाम दोनों साथ दिल्ली के लिए रवाना हो गये।

स्वराज भवन में की मुलाकात

सोनिया गांधी बुधवार की सुबह 9:45 बजे चार्टर्ड प्लेन से बमरौली एयरपोर्ट पहुंची। यहां से स्वराज भवन पहुंचने में उन्हें आधे घंटे लगे। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्होंने आनंद भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान गिने चुने कांग्रेसियों के अलावा कार्यकर्ताओं और मीडिया के चुनिंदा लोगों को अंदर जाने की अनुमति दी गयी थी। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता किशोर वाष्र्णेय के मुताबिक सुबह 11:15 से दोपहर 1:45 बजे तक तक उन्होंने निरीक्षण किया। यहां के कर्मचारियों से लंबी बातचीत में उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। पूरे वक्त उनके साथ वरिष्ठ कांग्रेसी नेता गुलाम नबी आजाद रहे। पार्टी के उत्तराखंड प्रमुख अनुग्रह नारायण सिंह ने उनका वेलकम किया।

एक झलक पाने को दिखे बेताब

सोनियां और राहुल गांधी के आगमन से कांग्रेसी खासे उत्साहित थे। उन्होंने स्वराज भवन के आसपास डेरा डाल रखा था लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने सिर्फ उन्हीं को परमिशन दी जिन्हें दोनो नेताओं ने ओके किया था। भवन के आसपास एसपीजी और सुरक्षा बलों के घने घेरे के बीच मीडिया पर्सन को भी अंदर जाने की अनुमति नही दी गई। कार्यकर्ताओं में सोनिया की एक झलक लेने की बेताबी साफ नजर आई। उन्होंने सोनिया और राहुल के लिए जमकर नारे भी लगाए। सोनिया ने बुधवार को रायबरेली के नजदीक हरचंदपुर में हुई ट्रेन दुर्घटना को लेकर दुख प्रकट किया।

Posted By: Inextlive