केदारनाथ विधायक मनोज रावत पर हुए हमले का विरोध

देहरादून,

कांग्रेस ने केदारनाथ विधायक मनोज रावत पर हुए हमले की निन्दा करते हुए राज्य की बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में सरकार का पुतला फूंका। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह के आह्वान पर देहरादून में महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा के नेतृत्व में महानगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार का पुतला दहन किया। कांग्रेसियों ने केदारनाथ विधायक पर हुए जानलेवा हमले, पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश को राज्य की ध्वस्त हो चुकी कानून व्यवस्था का प्रत्यक्ष प्रमाण बताते हुए कहा कि राज्य की भाजपा सरकार भयमुक्त सरकार के अपने वायदे पर अमल करने में पूरी तरह विफल रही है। कहा कि भाजपा के शासनकाल में राज्य की कानून व्यवस्था पूर्ण रूप से ध्वस्त हो चुकी है। राज्य में अपराधी निरकुंश होकर अपराध कर रहे हैं, अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि एक विधायक पर सरेआम इस प्रकार का जानलेवा हमला हो रहा है।

Posted By: Inextlive