- थाना न्यू आगरा के इंद्रपुरी की घटना, रात में ड्यूटी से घर लौटे

- गाली-गलौज का विरोध करने पर बोला हमला, पुलिस ने तीन पकड़े

आगरा। थाना न्यू आगरा की इंद्रपुरी में गाली-गलौज का विरोध करने पर दबंगों सिपाहियों पर हमला बोल दिया। सड़क पर मारपीट की। इसके बाद घर में घुसकर भी तोड़फोड़ की। पुलिस ने मरणासन्न हालत में दोनों का हॉस्पिटल भिजवाया। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तीन लोगों को हिरासत में लिया है।

ड्यूटी से लौट रहे थे घर

थाना हरीपर्वत के कम्प्यूटर रूम में ऑपरेटर के पद पर तैनात सिपाही राहुल व न्यू आगरा में तैनात कम्प्यूटर ऑपरेटर नितिन डायल 100 योजना का काम कर रहे हैं। दोनों न्यू आगरा स्थित इंद्रपुरी कॉलोनी में किराए के मकान में रहते हैं। सोमवार को दोनों ड्यूटी खत्म कर घर लौटे। उस दौरान किसी दोस्त का फोन आया। वह उसे राजामंडी रेलवे स्टेशन छोड़ने चले गए। यहां से दोनों घर आ रहे थे। तभी रास्ते में साथ रहने वाले साथी दिनेश का फोन आया। बताया कि कुछ लोग मेन गेट के पास गाली-गलौज व पथराव कर रहे हैं। दोनों कॉलोनी में पहुंच गए।

सड़क पर बुरी तरह से पीटा

उस दौरान कुछ लोग गाली-गलौज कर रहे थे। सिपाहियों ने उन्हें वहां से जाने को बोला। इस पर दबंग युवक भड़क उठे। सिपाहियों पर हमला बोल दिया। युवकों ने अपने अन्य साथियों को भी बुला लिया। करीब 15 से 20 युवकों ने दोनों सिपाहियों को चारों ओर से घेर लिया। डंडे व ईट पत्थर से पीटना शुरू कर दिया। साथी दिनेश ने बचाने का प्रयास किया, उस पर भी हमला बोल दिया। सिपाहियों का कहना था कि तमंचे की बट से भी उन पर वार किए गए। दोनों सिपाही मरणासन्न स्थिति में पहुंच गए। कुछ देर बाद होश में आने पर सिपाहियों ने पुलिस कंट्रोल रूम फोन किया। पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल भेजा।

तीन युवकों को पकड़ा

पुलिस ने पीडि़त सिपाहियों की तहरीर पर आठ नामजद व 10-15 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन युवकों को पकड़ा है। पकड़े गए आरोपियों के नाम टिंचू पुत्र काली चरण निवासी इंद्रपुरी, राज पुत्र राकेश कुमार निवासी लश्कर पुर, राजेश पुत्र विजय सिंह निवासी जगनपुर बताया गया है। फरार नामजद में दीपक, शंकर, हरीमोहन, अमन व मनीष बताए गए हैं। पुलिस अन्य हमलावरों की तलाश कर रही है।

घर में भी की तोड़फोड़

हमलावर लोगों ने सड़क पर मारपीट के साथ सिपाहियों के घर में घुसकर हमला बोला। घर में तोड़फोड़ कर दी। उनके दरवाजे तोड़ दिए। नितिन के सिर में गहरा घाव है। राहुल के चेहरे पर कई टांके आए हैं।

Posted By: Inextlive