-बरेली कॉलेज में अस्थायी कर्मचारियों और प्राचार्य के बीच विवाद के बाद अनिश्चितकालीन बंदी

-बोर्ड ऑफ कंट्रोल की सचिव और उच्च शिक्षाधिकारी ने प्राचार्य से पर मांगा जवाब

BAREILLY : बरेली कॉलेज के अस्थायी कर्मचारियों और प्राचार्य के बीच उपजा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंडे को बरेली कॉलेज प्राचार्य डॉ। अजय शर्मा ने कॉलेज के दोनों गेट पर नोटिस बोर्ड लग दिया। जिस पर लिखा है कॉलेज अनिश्चितकाल के लिए बंद है। वहीं अनिश्चितकाल के लिए कॉलेज बंद होने की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय उच्च शिक्षाधिकारी डॉ.राजेश प्रकाश और बरेली कॉलेज बोर्ड ऑफ कंट्रोल की सचिव डॉ। रजनी अग्रवाल ने प्राचार्य को पत्र भेजकर कॉलेज बंद किए जाने पर जवाब मांगा है।

17 अगस्त से है कॉलेज बंद

ज्ञात हो बरेली कॉलेज अस्थायी कर्मचारी संघ ने जुलाई माह में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। जिसका वह पूरे माह का वेतन मांग रहे थे, कर्मचारियों के विरोध के आगे प्राचार्य ने उन्हें भरोसा दिया कि वह पूरे माह का वेतन दिलाएंगे, लेकिन इसके बाद कुछ कर्मचारियों के अकाउंट में 20 दिन और बाकी कर्मचारियों के अकाउंट में 10 दिन का पहुंचा था। जिस पर कर्मचारियों ने फिर से 14 अगस्त को दोबारा प्रदर्शन कर प्राचार्य को उनके ही ऑफिस में बंधक बना लिया। प्राचार्य का आरोप था कि कर्मचारियों ने उनकी मेज पर थूक दिया और अभद्रता की। उन्होंने पुलिस भी बुलाई लेकिन पुलिस समय पर नहीं पहुंची। जिसके बाद से प्राचार्य ने कॉलेज को 15 अगस्त के बाद से ही बंद कर दिया। प्राचार्य ने इस मामले से प्रबंध समिति को भी अवगत करा दिया। इसी को लेकर प्रबंध समिति की एक बैठक भी प्रबंध समिति के सचिव ने 19 अगस्त को ली। जिसमें प्रबंध समिति के सचिव ने भी प्राचार्य से नाराजगी जताई उन्होंने कहा कि अभद्रता करने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई के लिए तहरीर देनी चाहिए थी। ताकि कार्रवाई हो सके।

किस नियम के तहत कॉलेज किया बंद

सोमवार को प्राचार्य ने जब कॉलेज के दोनों गेट पर नोटिस बोर्ड लगा कर लिखा कि कॉलेज अनिश्चित काल के लिए बंद है। इसकी सूचना जब उच्च शिक्षाधिकारी डॉ। राजेश प्रकाश के पास पहुंची तो उन्होंने भी नाराजगी जताई। उन्होंने प्राचार्य डॉ। अजय शर्मा को पत्र भेजा है। जिसमें जबाव मांगा है कि कॉलेज को किस नियम के तहत बंद करने का निर्णय लिया गया और किसके आदेश पर निर्णय लिया है। प्राचार्य ने कॉलेज को बंद करने की सूचना से सभी को अवगत करा दिया। लेकिन बोर्ड ऑफ कंट्रोल की सचिव को इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी। सोमवार को बोर्ड ऑफ कंट्रोल की सचिव डॉ। रजनी अग्रवाल ने प्राचार्य से इस संबंध में जवाब मांगा है कि उन्हें बगैर बताए प्राचार्य ने कॉलेज को बंद करने का निर्णय कैसे ले लिया। फिलहाल प्राचार्य अब अपनी समस्या बताने के साथ ही पत्र का जवाब देने में जुटे हैं।

=======

कॉलेज को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया है। इस बारे में डीएम और कमिश्नर को अवगत कराया जाएगा। साथ ही सुरक्षा की मांग की जाएगी, उसके बाद ही कॉलेज खोला जाएगा।

डॉ। अजय शर्मा, प्राचार्य बीसीबी

===

हम कॉलेज बंद नहीं कराना चाहते हैं। क्योंकि कॉलेज बंद होने से स्टूडेंट्स की पढ़ाई का नुकसान हो रहा है। प्राचार्य ने बात को बढ़ाकर पेश किया है। वह कर्मचारियों पर कार्रवाई चाहते हैं लेकिन किसी भी अस्थायी कर्मचारी पर कार्रवाई हुई तो उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।

जितेन्द्र मिश्रा, अध्यक्ष, अस्थायी कर्मचारी संघ, बीसीबी

Posted By: Inextlive